आगरा। ताजनगरी की अभी तक की सबसे बड़ी मुहिम से पुलिस महकमा भी जुड़ गया है। आगरा के थाना परिसर में सिगरेट, बीड़ी, गुटखा और तंबाकू खाने के बाद एंट्री नहीं मिलेगी, साथ ही पुलिस कर्मी खुद भी तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे, वे दूसरों को भी तंबाकू का सेवन ना करने के लिए प्रोत्साहित करें।
यहां ली गई शपथ
शनिवार दोपहर में नो मतलब नो की टीम पुलिस लाइन पहुंची। एसएसपी अमित पाठक के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों से एसएन की कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरभि गुप्ता ने तंबाकू के सेवन से हो रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। कहा कि हम तनाव में सिगरेट, बीडी, तंबाकू और गुटखा का सेवन करते हैं। यह तंबाकू फेफड़ों के साथ ही खून की धमनियों में पहुंचती है, धमनियों को कमजोर करने के साथ ब्लॉकेज भी करती हैं। खून के द्वारा तंबाकू शरीर के अन्य अंगों को भी नुकसान पहुंचाती है। इससे मुंह, गले, पेनिक्रयाज, पेट, लिवर सहित 19 तरह के कैंसर होने की आशंका रहती है। इसके साथ ही साथ ही हार्ट अटैक से लेकर अन्य बीमारियों का खतरा रहता है।