
रंगभरनी एकादशी पर 25 हजार लड्डुओं से होली खेले श्याम बाबा
आगरा। रंगभरनी एकादशी पर अलौकिक श्रंगार से सजे श्याम बाबा की एक झलक पाने को हर भक्त उत्सुक था। प्रातः मंगला आरती से रात एक बजे तक लगातार बाबा के पट खुले रहे और भक्तों का सैलाब पूरे दिन बाबा के दर्शन के लिए उमड़ता रहा। मंगला आरती में 25 हजार लड्डुओं के प्रसाद के बाद भक्तों में वितरित किया गया। दिन भर विभिन्न संस्थाओं द्वारा तीन हजार से अधिक ध्वजाएं (निशान) बाबा को अर्पित की गईं। आकर्षक फूल बंगले के बीच आयोजित भजन संध्या का भक्तों ने खूब आनंद लिया।
हाथों में दीपक की पवित्र ज्योत
शंखनाद के साथ प्रातः 6 बजे मंगला आरती के साथ ही जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी के मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ने लगा। हाथों में दीपक की पवित्र ज्योत लिए भक्त कहीं कीर्तन करते नजर आए तो कहीं बाबा की मनोहर झलक को निहारते। ढोल नगाड़ों संग दिनभर विभिन्न संगठनों की एक दर्जन से अधिक निशान यात्रा मंदिर में बाबा को ध्वजा अर्पित करने पहुंची। मंदिर में गुलाल की होली संग प्रसाद के रूप में लड्डुओं की होली का प्रसाद भक्तों को प्रदान किया गया।
फूलों से सजा दरबार
शाम को कलकत्ता के आकर्षक फूलों से मंदिर परिसर व बाबा का दरबार (फूल बंगला) सजाया गया। खाटू श्याम जी ट्र्स्ट के अनिल मित्तल ने जानकारी दी कि फूलों की होली भी खेली जाएगी। इस अवसर पर अरुण मित्तल, विपिन बंसल, हेमेन्द्र अग्रवाल, विकास गोयल, नितेश अग्रवाल, मनीष गोयल, मनीष बंसल, संजीव अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
Updated on:
17 Mar 2019, 6:30 PM IST
Published on:
17 Mar 2019, 6:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.