-विकलांग सेवा महाशिविर के बाद बढ़ गई थी पैर की तकलीफ -ऑपरेशन के बाद भी नहीं मिली राहत, संक्रमण बढ़ने से हुई मृत्यु -शवयात्रा आज दो बजे जयपुर हाउस से विद्युत शवदाह गृह ताजगंज जाएगी
आगरा। ताजमहल के शहर आगरा में समाजसेवा की मशाल जलाने वाले सुप्रसिद्ध समाजसेवी आगरा विकास मंच एवं श्री श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ के अध्यक्ष अशोक जैन सीए का सोमवार की रात्रि में अचानक निधन हो गया। अंतिम यात्रा अपराह्न दो बजे उनके निवास 118, जयपुर हाउस, आगरा से प्रारंभ होकर ताजगंज, मोक्षधाम विद्युत शवदाह के लिए प्रस्थान करेगी। हाल ही में उनके पैर का ऑपरेशन दिल्ली में हुआ था। उन्होंने समाजसेवा पर अंतिम साक्षात्कार पत्रिका उत्तर प्रदेश को दिया था। अशोक जैन सीए से प्रेरणा लेकर शहर में समाजसेवा के सैकड़ों प्रकल्प चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें
मृत्यु का प्रमुख कारण
अशोक जैन सीए ने जैन दादाबाड़ी शाहगंज में विकलांग सेवा महाशिविर लगवाया था। उनके पैर में घाव और चोट थी, इसके बाद भी वे लगातार सात दिन तक शिविर में लगे रहे। शिविर की समाप्ति के बाद बिस्तर पर आ गए। फिर समस्या इतनी बढ़ गई कि दिल्ली में ऑपरेशन कराना पड़ा। ऐसा लगा कि सब ठीक हो गया है, लेकिन समस्या लगातार बढ़ती गई। अंततः सोमवार की रात्रि में उनका निधन हो गया
यह भी पढ़ें
क्या किया
विदित हो कि श्री अशोक जैन सीए पिछले ढाई दशक से समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहे। अपनी सक्रियता के बदौलत श्री जैन ने डेढ़ हजार से अधिक गरीब लोगों के हृदय के ऑपरेशन करवाएं इसके अलावा श्री जैन ने करीब 2000 लोगों का मृत्योपरांत नेत्रदान कराया और उन नेत्रों से आज 4000 लोगों की दुनिया में रोशनी लौट आई है। नेत्रदान प्रकोष्ठ उनके भ्राता राजकुमार जैन देख रहे हैं। अशोक जैन सीए ने आगरा में आकस्मिक सेवा दुर्घटना प्रकल्प की शुरुआत की। रामलाल वृद्ध आश्रम में वृद्धों की सेवा सुरक्षा स्थापित की। आगरा में अलग-अलग बीमारियों से ग्रसित लोगों के लिए अशोक जैन सीए ने सैकड़ों स्वास्थ्य शिविर लगाए। लाखों लोगों ने अपना इलाज कराया। वे गरीबों के मसीहा थे।
यह भी पढ़ें
विकलागों के लिए अस्पताल खोलना चाहते थे
अशोक जैन सीए ने विकलागों के लिए सबसे बड़ा अस्पताल खोलने की घोषणा की थी। इसके लिए रामलाल वृद्धाश्रम के पास भूमि देख ली गई थी। विकलांग सेवा महाशिविर के बाद उन्होंने पाया कि इनकी सेवा के लिए कुछ नहीं है। इसके बाद वे विकलांग अस्पताल खोलने की तैयारी कर रहे थे।
यह भी पढ़ें
शोक जताया
अशोक जैन सीए के निधन पर डॉ आरएस पारीक, अरविंद शर्मा गुड्डू, संदेश जैन, सुशील जैन, डॉ बीके अग्रवाल, डॉक्टर सुनील शर्मा, डॉ रमेश धमीजा, डॉ रवि सभरवाल, अनिल अग्रवाल, डॉक्टर अरुण जैन, डॉक्टर एके गुप्ता, कमल चंद जैन, अनिल वर्मा एडवोकेट, पवन सिंह, नीरज जैन, रंजीत सामा, जयराम दास, प्रभात गुप्ता, शलभ शर्मा, दिनेश बाबू शर्मा, विजय सेठिया, दलपत सिंह सकलेचा, सुरेश सकलेचा आदि ने गहरा दुख व्यक्त किया है।