Ghosi Election Result: पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने घोसी उपचुनाव परिणाम में सपा की जीत के बाद भी कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर कमल खिलेगा। अखिलेश यादव अपनी समीक्षा करें।
Ghosi Election Result: घोसी उपचुनाव में सपा की जीत के बाद यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा का बयान आया है। उन्होंने उपचुनाव में भाजपा की हार की वजह बताते हुआ कहा, ‘घोसी सपा की सीट थी, चली गई... हमने उनकी दो जीतीं’। दिनेश शर्मा ने यह बात नगर निगम के पार्षदों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कही है।
आगरा नगर निगम के पार्षदों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार को हुई। इसमें आए पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने पार्षदों को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने हाल में ही आए घोसी उपचुनाव परिणाम को लेकर भी चर्चा की।
ये है हार की वजह
दिनेश शर्मा ने घोसी सीट पर भाजपा की हार की वजह बताते हुआ कहा कि यह सीट सपा की थी, चली गई। लेकिन भाजपा ने सपा की रामपुर और आजमगढ़ जैसी सीटों पर जीत हासिल की है। अखिलेश यादव अपनी समीक्षा करें। लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी सीटों पर कमल खिलेगा।
उदयनिधि को जनता 2024 में अस्त कर देगी
दिनेश शर्मा ने उदयनिधि के सनातन धर्म पर दिए बयान पर कहा कि यह कांग्रेस की सोच है। उदय के बाबा करुणानिधि और परिजन यही सोच रखते थे। उदयनिधि को जनता 2024 में अस्त कर देगी। उन्होंने अखिलेश यादव के बयानों पर कहा कि एक सीट से जीत पर खुश होने की जरूरत नहीं। प्रधानमंत्री मोदी और योगी के काम से वर्ष 2024 में वह खाता भी न खोल पाएंगे।