
विहाभाई करशनभाई भरवाड।,विहाभाई करशनभाई भरवाड।,विहाभाई करशनभाई भरवाड।
वडोदरा/अहमदाबाद. उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम जन्मभूमि पर मंदिर में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान उपयोग के लिए वडोदरा शहर में 108 फीट लंबी और 3.5 फीट चौड़ी अगरबत्ती बनाई जा रही है। इस अगरबत्ती का वजन 3428 किलोग्राम है।
इस अगरबत्ती को 110 फीट लंबे ट्रक पर रखकर 1 जनवरी को सड़क मार्ग से अयोध्या ले जाया जाएगा। यह रथ 16 जनवरी को अयोध्या पहुंचेगा। साथ में वडोदरा से 150 से ज्यादा लोग अलग-अलग वाहनों से अयोध्या जाएंगे।यह अगरबत्ती सनातन धर्म समाज व गोपालक समाज की वडोदरा इकाई की ओर से अयोध्या में राम मंदिर के लोकार्पण अवसर पर अर्पित की जाएगी। एक बार जलाने के बाद अगरबत्ती 45 दिन तक जलती रहेगी।
वडोदरा के तरसाली क्षेत्र निवासी व विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता विहाभाई करशनभाई भरवाड के अनुसार मई महीने से घर के बाहर अगरबत्ती बनाने की शुरुआत की थी। बारिश के मौसम में काम बंद रहा।बारिश के मौसम के बाद दोबारा काम शुरू किया। यह काम गुरुवार तक पूरा होगा। इस काम पर रोजाना दो से तीन घंटे लगा रहे हैं। उन्होंने इससे पहले 2016 में मध्य प्रदेश के उज्जैन में कुंभ में 111 फीट लंबी अगरबत्ती बनाकर भेजी थी।
इतनी सामग्री का उपयोग
3428 किलोग्राम वजन की अगरबत्ती में 1475 किलो गिर गाय का गोबर, 191 किलो गिर गाय का घी, 280 किलो देवदार के पेड़ की लकड़ी, 376 किलो गुग्गल, 280 किलो तिल, 280 किलो जौ, 376 किलो खोपरे का पाउडर, 450 किलो हवन सामग्री, 250 किलो गुलाब के फूल, 200 किलो इत्र आदि सामग्री का उपयोग किया गया।
अगरबत्ती बनाने पर 5 लाख खर्च
अगरबत्ती बनाने पर करीब 5 लाख रुपए खर्च हुए। इसमें से अधिकांश राशि उन्होंने स्वयं खर्च की। इसमें सनातन धर्म समाज व गोपालक समाज की वडोदरा इकाई के सदस्यों व मित्रों ने कुछ सामग्री उपलब्ध करवाई।
अयोध्या पहुंचाने पर खर्च होंगे 30 लाख
पशुपालक व किसान भरवाड के अनुसार अगरबत्ती को अयोध्या पहुंचाने पर 30 लाख रुपए खर्च होने की संभावना है। इसमें 5 लाख रुपए की अगरबत्ती तैयार हो रही है। 110 फीट लंबा ट्रक-ट्रेलर व उस पर वडोदरा में रथ बनाने पर करीब 15 लाख रुपए खर्च होंगे। यह कार्य राजकोट निवासी व मुंबई के व्यवसायी पिंटू पटेल कर रहे हैं। 150 से ज्यादा लोगों के अयोध्या जाने व रास्ते की व्यवस्थाओं पर करीब 8 लाख रुपए खर्च होंगे। इसमें सनातन धर्म समाज व गोपालक समाज की वडोदरा इकाई के सदस्य व मित्र भी सहयोग करेंगे।
सांसद भट्ट ने दिलाई मंजूरी
वडोदरा की सांसद रंजनबेन भट्ट ने अगरबत्ती को अयोध्या पहुंचाकर वहां जलाने की मंजूरी दिलवाई। गुजरात सरकार से भी आवश्यक मंजूरी दिलवाई। सांसद ही 1 जनवरी को झंडी दिखाकर रथ को रवाना करेंगी।
इस मार्ग से ले जाएंगे
वडोदरा से अयोध्या तक लगभग 1800 किमी की दूरी तय करने के दौरान रथ को वडोदरा, हालोल, कालोल, गोधरा, शहेरा, मोडासा, शामलाजी, खेरवाड़ा, उदयपुर, सांवलियाजी मंदिर, चित्तौड़, भीलवाड़ा, किशनगढ़, जयपुर, महेंदीपुर बालाजी चौराहा, भरतपुर, फतेहपुर सीकरी, आगरा, लखनऊ, इटावा, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी होते हुए अयोध्या पहुंचाया जाएगा।
इसलिए आया विचार
विहा भरवाड के अनुसार 500 साल बाद जन्मभूमि पर मंदिर में 22 जनवरी को भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इतने लंबे समय बाद यह अवसर आया। इसलिए उनके मन में विचार आया कि अगरबत्ती बनाकर अयोध्या पहुंचानी चाहिए। हवन में 108 आहुतियों का महत्व है, भगवान का नाम भी 108 बार जपते हैं, इसलिए 108 फीट लंबी अगरबत्ती बनाने का विचार आया।
Published on:
18 Dec 2023 10:59 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
