
राजकोट. गिर सोमनाथ जिले के वेरावल-कोडिनार हाइवे पर राखेज गांव के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार डंपर ने 9 लोगों को कुचल दिया। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई वहीं 7 अन्य घायल हो गए। यह लोग वैन-बाइक की टक्कर के बाद दुर्घटना देखने को खड़े थे।
जानकारी के अनुसार राखेज गांव के पाटिया के पास सोमवार देर रात वैन और बाइक के बीच हुई टक्कर के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। वेरावल से कोडिनार जा रहा एक कंपनी का डंपर तेज गति से आ रहा था। उसने सड़क किनारे खड़े वाहनों और लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में 9 लोग डंपर से कुचल गए। इस दुर्घटना में सुभाष परमार और बालू कलोतरा की मौके पर मौत हो गई।
घायल हुए सात लोगों को इलाज के लिए कोडिनार के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर सूत्रापाड़ा पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक एन बी चौहाण सहित पुलिस स्टाफ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण हाइवे पर वाहनों की कतार लग गई। इसके बाद ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक कंपनी के वाहनों के खिलाफ रोष जताया। लोगों ने उस कंपनी के ट्रकों का आवागमन रोक दिया।
दूसरी ओर ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी से सामान लेकर आने वाले डंपर तेज गति से गुजरने के कारण अक्सर छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। फिलहाल कोडिनार स्थित कंपनी के भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है।
Updated on:
15 Apr 2025 10:25 pm
Published on:
15 Apr 2025 10:24 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
