
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आरोपी। जब्त की गई एमडी ड्रग्स।
Ahmedabad. कूरियर पार्सलों की आड़ में मेफेड्रोन ड्रग्स (एमडी ड्रग्स) की हेराफेरी करने वाले गिरोह का अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने पर्दाफाश किया है। वस्त्राल इलाके में दबिश देकर दो लाख से ज्यादा कीमत की 20 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को पकड़ने के बाद बापूनगर के श्याम शिखर कॉम्पलैक्स स्थित एक कूरियर कार्यालय में दबिश दी गई। वहां से दो पार्सलों से 35 लाख रुपए की 350 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स और बरामद की है। कुल 37 लाख रुपए की एमडी ड्रग्स बरामदगी मामले में तीन आरोपियों को फरार घोषित किया है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति वस्त्राल में वेद आर्केड के पास स्थित खुले मैदान में एमडी ड्रग्स की डिलिवरी करने आने वाला है। इस सूचना के आधार पर इस जगह नजर रखी गई और शंकास्पद लगने पर आसुराम उर्फ अशोक कुमार भादू (बिश्नोई) (32) को पकड़ लिया। यह राजस्थान के बालोतरा जिले की गुडालामानी तहसील के बारूडी गांव का रहने वाला है। इसके पास से 20 ग्राम मेफेड्रोन जब्त की गई, जिसकी कीमत दो लाख रुपए से ज्यादा है। इसकी पूछताछ में सामने आया कि इसने सुबह के समय दो पार्सल मारूति कूरियर कंपनी को कर्नाटक के बैंगलुरू भेजने के लिए दिए हैं। उसमें भी ड्रग्स है। सूचना के आधार पर टीम ने बापूनगर के श्याम शिखर कॉम्पलैक्स स्थित कूरियर कंपनी के कार्यालय में दबिश दी। वहां आरोपी आसुराम की ओर से दिए गए दो पार्सलों को जब्त किया। उन्हें खोलने पर उसमें से 350 ग्राम मेेफेड्रोन ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 35 लाख रुपए से ज्यादा है।
बालोतरा निवासी व्यक्ति ने भेजी थी एमडी ड्रग्सआरोपी आसुराम की पूछताछ में पता चला कि उसके पास से बरामद की गई एमडी ड्रग्स को राजस्थान के बालोतरा जिले की गुडामालानी तहसील के आलपरा गांव निवासी हेमा उर्फ हेमराज बिश्नोई की ओर से भेजा गया था। आसुराम ने इसे बैंगलुरू में एमडी ड्रग्स मंगाने वाले दो लोगों के लिए पार्सलों से भेजा था। एमडी ड्रग्स भेजने वाले और मंगाने वाले दो आरोपियों को फरार घोषित किया है।
अहमदाबाद. शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने एक और मामले में कार्रवाई करते हुए वस्त्राल से 150 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स (एमडी ड्रग्स) के साथ दो लोगों को पकड़ा है। इसकी कीमत चार लाख 50 हजार रुपए से ज्यादा है। पकड़े गए आरोपियों में तेजसकुमार उर्फ मोन्टू ठक्कर (38) वस्त्राल सूर्यम एलिगन्स का रहने वाला है। मूलरूप से सुरेन्द्रनगर के पाटणी का निवासी है। जबकि अजय उर्फ अज्जू जयसवाल मूलरूप से उत्तरप्रदेश के बनारस जिले के नेवाडा सुंदरपुर का रहने वाला है। फिलहाल वस्त्राल में रहता है। क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि सूर्यम एलिगन्स निवासी तेजसकुमार व उसका साथी एमडी ड्रग्स की अवैध रूप से बिक्री करते हैं। इसके आधार पर उसके घर पर दबिश दी थी। वहां से इन दोनों को 150 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा। प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह एमडी ड्रग्स इन दोनों को पवन शर्मा ने दी थी। पवन को यह ड्रग्स राजस्थान के बालोतरा निवासी करण उर्फ करणाराम की ओर से उपलब्ध कराई गई थी। पवन और करणाराम दोनों को फरार घोषित किया है।
Published on:
21 Jun 2026 10:55 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
