21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: शहर के भीड़ भाड़ वाले रिलीफ रोड पर सरेआम चाकू घोंपकर युवक की हत्या

भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक मार्ग पर हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह रोड़ इस तरह का है कि यहां दिन ही नहीं रात को भी बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है।

2 min read
Google source verification
Ahmedabad Murder news

घटना स्थल पर मौजूद पुलिस व अन्य लोग।

Ahmedabad: शहर के अतिव्यस्त और भीड़-भाड़ वाले रिलीफ रोड पर रविवार शाम एक युवक की सरेआम चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पैसे के लेन-देन को हत्या की वजह माना जा रहा है। कारंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।

अहमदाबाद शहर के कालूपुर और लाल दरवाजा क्षेत्र को जोड़ने वाले रिलीफ रोड पर रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक मार्ग पर हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह रोड़ इस तरह का है कि यहां दिन ही नहीं रात को भी बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है।

कारंज पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हाटकेश्वर के खोखरा क्षेत्र निवासी जयशंकर मद्रासी (25) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक व्यक्ति ने उस पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस का काफिला घटनास्थल पर पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। दूसरी ओर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ

घटना की गंभीरता को देखते हुए कारंज पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। जांच के दौरान पुलिस को वटवा निवासी साकिब शेख (26) नामक एक युवक के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ा जा रहा है।

लेन देन को लेकर वारदात को अंजाम देने की आशंका

पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में पैसे के लेन-देन को हत्या की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद अचानक हुआ था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश अथवा अन्य कारण भी थे। पुलिस ने बताया कि मामले में विधिवत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।