अहमदाबाद

फर्जी पीएमओ अधिकारी किरण पटेल के खिलाफ अहमदाबाद क्राइम ब्रांच में मामला दर्ज

Ahmedabad crime branch register FIR against fake PMO officer -पूर्व मंत्री के भाई का करोड़ों का बंगला हड़पने की कोशिश, रिनोवेशन के नाम पर 35 लाख लिए, जल्द होगी गिरफ्तारी, पत्नी को भी बनाया आरोपी

2 min read
फर्जी पीएमओ अधिकारी किरण पटेल के खिलाफ अहमदाबाद क्राइम ब्रांच में मामला दर्ज

Ahmedabad. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में अधिकारी के रूप में परिचय देकर जम्मू एवं कश्मीर में जेड प्लस सुरक्षा में बुलेट प्रूफ गाडि़यों में घूमने और महंगे होटलों में ठहरने वाले किरण पटेल के खिलाफ अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच में एक मामला दर्ज किया गया है। बुधवार को दर्ज किए गए इस मामले में किरण पटेल की पत्नी मालिनी पटेल को भी आरोपी बनाया गया है। जम्मू एवं कश्मीर से जल्द ही ट्रांसफर वारंट के आधार पर किरण को हिरासत में लिया जाएगा।

शीलज में नीलकंठ ग्रीन बंगला निवासी जगदीश चावड़ा (63) ने अहमदाबाद के घोडासर में प्रेस्टिज बंगला निवासी किरण पटेल और उसकी पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मूलरूप से जूनागढ़ निवासी चावड़ा गुजरात के पूर्व कैबिनेट मंत्री के भाई हैं जो प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने का काम करते हैं।क्राइम ब्रांच में दर्ज प्राथमिकी के तहत फरवरी 2022 में किरण पटेल ने जगदीश चावड़ा की पत्नी इलाबेन के फोन पर संपर्क कर खुद को प्रॉपर्टी ब्रोकर बताते हुए उनके बंगले को बेचने के संदर्भ में पूछा। उनकी पत्नी के हां कहने पर कुछ दिनों बाद वह बंगले पर आया। जगदीश भाई ने उसे बंगला दिखाया तो उसने कहा कि बंगले में थोड़ा रिनोवेशन का काम किया जाए तो अच्छे दाम मिलेंगे। दो दिन बाद उसने जगदीशभाई को उनके घर के पास एक टी कैफे में बुलाया और कहा कि वह इस कैफे में हिस्सेदार है। साथ ही वह पीएमओ कार्यालय में क्लास वन अधिकारी है। उसे बंगलों के रिनोवेशन का शौक है। जगदीश भाई को किरण की बातों पर भरोसा हुआ तो उसे बंगले के रिनोवेशन का काम 35 लाख रुपए में दे दिया। साथ ही उन्होंने धीरे-धीरे किरण को पेमेंट भी कर दिया। कुछ दिन बाद उसने अपनी पत्नी व इंटीरियर डिजाइनर जुबिन पटेल व अन्य के साथ बंगले में रिनोवेशन शुरू कर दिया।

बंगले के बाहर लगा दिया खुद के नाम का बोर्ड, वास्तु पूजन भी किया

बंगले का रिनोवेशन शुरू होने के चलते जगदीशभाई उनकी पत्नी के साथ अहमदाबाद में ही शेला गांव में उनके मित्र के यहां रहने चले गए। इस बीच वे जब जूनागढ़ किसी काम से गए तो पता चला कि किरण पटेल ने बंगले के बाहर उसके खुद के नाम का बोर्ड लगा दिया है। साथ ही बंगले का वास्तू-पूजन भी किया है। इसके बाद जगदीश भाई ने बंगले में आकर उसका बोर्ड देखा और उससे पूछा तो किरण ने खुद बंगले को खरीदने और जल्द पैसे देने की बात कही। शंका होने पर उसे रिनोवेशन का काम जल्द करने को कहा, लेकिन वह उसे अधूरा छोड़कर ही चला गया।

बंगले को खुद का बताते हुए भेजा कोर्ट नोटिस

किरण पटेल ने कुछ समय के बाद अगस्त 2022 में जगदीशभाई को इस बंगले के संदर्भ में कोर्ट नोटिस भी भेजा। उसमें बंगला उसका होने का झूठा दावा किया। इस बाबत उस समय पुलिस में शिकायत भी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जगदीशभाई का दावा है कि तब यदि किरण पर कार्रवाई की गई होती तो और लोग ठगी से बच जाते।

Published on:
23 Mar 2023 10:27 pm
Also Read
View All

अगली खबर