अहमदाबाद शहर में 27 जून को भगवान जगन्नाथ की 148 वीं रथयात्रा निकलने वाली है। अभी भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलभद्र के साथ ननिहाल सरसपुर में हैं। ऐसे में उनके दर्शन को बड़ी संख्या में लोग सरसपुर स्थित रणछोड़ राय मंदिर में उमड़ रहे हैं। रविवार को सरसपुर मंदिर में मामेरा के दर्शन किए गए। यहां मंदिर व उसके आगे मामेरा के दर्शन को लंबी कतार लग गई। मामेरा की वस्तुओं में इस बार तैयार करवाए गए भगवान के वस्त्रों के कपड़े राजस्थान से मंगवाए गए हैं। वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार रथयात्रा से पहले 15 दिन के लिए भगवान जगन्नाथ अपनी बहन सुभद्रा और भाई बलराम के साथ ननिहाल में जाते हैं। जहां ननिहाल वासी मामेरा के रूप में भेंट स्वरूप गहने, कपड़े आदि देते हैं। मामेरा के यजमान के रूप में इस साल जागृतिबेन त्रिवेदी व उनके परिवार का नंबर लगा है, जिससे मामेरा भरने की उन्हें खुशी है। जागृति त्रिवेदी ने बताया कि उन्होंने भगवान के वस्त्र तो अहमदाबाद में ही बनवाए हैं लेकिन इसके लिए कपड़े राजस्थान से मंगवाए हैं। इस बार गुलाबी और नीले रंग के सुंदर वस्त्र तैयार कराए हैं। इन्हें रजवाड़ी थीम दी गई है।सरसपुर स्थित रणछोड़ राय मंदिर में ये सभी वस्तुएं रखीं गईं। इनमें सोने चांदी के गहनों के अलावा वस्त्र व अन्य श्रृंगार की वस्तुएं शामिल है। सुबह से रात तक इन उपहारों के दर्शन को बड़ी संख्या में लोग आए।
Published on:
22 Jun 2025 10:11 pm