
शेठ सी.एन.विद्यालय की एआइ से तैयार की गई तस्वीर।
अहमदाबाद. शहर के आंबावाड़ी स्थित शेठ सी.एन. विद्यालय एक बार फिर विवाद में घिर गया है। स्कूल के एक शिक्षक की ओर से कक्षा-9 में पढ़ने वाले छात्र को मामूली बात पर प्रताडि़त करने और पीटने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीडि़त छात्र के अभिभावक ने शहर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिकायत की है। शिकायत पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) पश्चिम ने संबंधित बीट के शिक्षा निरीक्षक को पूरे मामले की जांच करने और 7 दिन के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है।
डीईओ कार्यालय में दी गई लिखित शिकायत के अनुसार उनका बेटा स्कूल में कक्षा 9 में पढ़ाई करता है। यह घटना 14 अक्टूबर की है। दोपहर में लगभग 12:45 से एक बजे के बीच जब क्लास चल रही थी, तब हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत विषय पढ़ाने वाले शिक्षक घनश्यामसिंह डाभी ने उनके बच्चे को एक छोटी सी बात पर बुरी तरह से पीटा। अभिभावक ने शिकायत में कहा कि पिटाई के कारण उनका बेटा बुरी तरह सहम और डर गया है।
शिकायत में कहा है कि सरकारी नियमों के अनुसार शैक्षणिक परिसरों में बच्चों को किसी भी प्रकार का शारीरिक या मानसिक दंड देना कानूनन दंडनीय अपराध है। इस तरह का हिंसक और क्रूर व्यवहार बच्चों के कोमल मानसिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। अभिभावक ने डीईओ से गुहार लगाई कि इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी भी अन्य छात्र की सुरक्षा के साथ इस तरह का खिलवाड़ न हो। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अहमदाबाद शहर (पश्चिम) के जिला शिक्षा अधिकारी रोहित चौधरी ने बीट के शिक्षा निरीक्षक को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और 7 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
23 Oct 2026, 10:21 PM IST
Published on:
23 Oct 2026, 10:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.