
गुजरात में आगामी तीन दिनों तक रह सकता है आंधी के साथ बारिश का जोर
अहमदाबाद/जूनागढ़. मौसम विभाग ने गुजरात के विविध भागों में अगले तीन दिनों तक आंधी के साथ बारिश का जोर रहने की चेतावनी दी गई है। जूनागढ़ जिले के गिरनार में शनिवार को दूसरे दिन भी तेज हवाओं के कारण रोप वे को बंद करना पड़ा। अहमदाबाद में शनिवार को भी सबसे अधिक तापमान के बीच उमसभरी गर्मी का प्रकोप रहा। जिसके कारण लोग पसीना-पसीना नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अहमदाबाद, आणंद, अरवल्ली, भरुच, वडोदरा और सुरेंद्रनगर जिले के विविध भागों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की भी संभावना है। सोमवार और मंगलवार को भी राज्य के विविध भागों में इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। कहीं-कहीं धूल भरी आंधी भी चल सकती हैं।
जूनागढ़ के गिरनार पर तेज हवाओं का दौर लगातार दूसरे दिन भी रहने से रोप वे सेवा बंद रहीं। इससे पूर्व शुक्रवार को भी यह सेवा बंद करनी पड़ी थी। जिसके कारण यहां आने वाले यात्रियों को वापस जाना पड़ा। दूसरी ओर तटीय इलाकों में भी तेज हवाएं चल सकती हैं जिससे समुद्र की गतिविधियां बढऩे की आशंका है।
अहमदाबाद में पारा 42 डिग्री के पार
गुजरात में पिछले कुछ दिनों से अहमदाबाद में सबसे अधिक गर्मी का जोर रहा है। शनिवार को भी शहर का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री रहा, जो सबसे अधिक है। शहर में हवा की अधिकतम आद्र्रता 74 फीसदी तक पहुंच गई। जिससे उमसभरी गर्मी ने भी लोगों को परेशान किया। 42.2 डिग्री के साथ दूसरा सबसे गर्म शहर गांधीनगर रहा। राज्य के अन्य प्रमुख शहर वल्लभ विद्यानगर में अधिकतम तापमान 41.5, सुरेंद्रनगर में 41, राजकोट में 40, वडोदरा में 38.8 और सूरत का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री दर्ज किया गया।
Published on:
27 May 2023 10:30 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
