छोटी आयु में भी ब्रेस्ट कैंसर के मामले बढ़े, 20 से 30 वर्ष के आयु वर्ग की महिलाएं भी हो रहीं हैं शिकार, हर छह महीने में एक महिला गंवा रही जानविश्व ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता माह पर विशेेष
अहमदाबाद. महिलाओं में सबसे आम ब्रेस्ट कैंसर के आंकड़े भारत में चौंका देने वाले हैं। हर तीन मिनट में जहां एक महिला इस बीमारी से ग्रस्त होती है वहीं हर छह मिनट में इससे एक महिला जान भी गंवा देती है। महिलाओं के लिए घातक यह बीमारी अब पुरुषों में भी बढ़ रही है। अहमदाबाद के सरकारी अस्पताल में पिछले साढ़े पांच वर्ष में 125 से अधिक पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर की पुष्टि हुई है।अहमदाबाद स्थित सिविल अस्पताल कैंपस के गुजरात कैंसर एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (जीसीआरआई) में ही पिछले पांच वर्षों में 125 पुरुषों को ब्रेस्ट कैंसर की पुष्टि हुई। इनमें से 46 पुरुषों की आयु तो 50 वर्ष से कम है। कुछ सालों पहले 40 से कम आयु में ब्रेस्ट कैंसर होने की आशंका नहीं होती थी लेकिन अब इस आयु में ब्रेस्ट कैंसर के मरीज बढऩे लगे हैं। पिछले साढ़े पांच वर्ष के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो इन मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है।
जीसीआरआई के आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2018 में ब्रेस्ट कैंसर के सामने आए कुल 1766 मामलों में से 1732 महिलाएं और 34 पुरुष हैं। पुरुषों में से 14 ऐसे हैं जिनकी आयु 50 वर्ष से कम है जबकि 20 की आयु 50 वर्ष से अधिक है। महिलाओं की बात की जाए तो 1732 महिला मरीजों में से 951 की आयु 50 वर्ष से कम और 781 की 50 वर्ष से अधिक है। इसी तरह वर्ष 2019 में ब्रेस्ट कैंसर के सामने आए 1736 मरीजों में से 30 पुरुष और 1736 महिलाएं हैं। वर्ष 2020 में हालांकि कोरोना के कारण ब्रेस्ट कैंसर के कम मामलों की पुष्टि हुई। कुल 957 मामलों में से 15 पुरुष व अन्य 942 महिलाएं हैं। वर्ष 2021 में ब्रेस्ट कैंसर के कुल 1403 मा्लों में से 18 पुरुष और 1385 महिलाएं हैं। वर्ष 2022 में ब्रेस्ट कैंसर के कुल 1463 मामलों में से 15 पुरुष हैं और शेष 1451 महिलाएं हैं। जारी वर्ष के अगस्त माह तक कुल सामने आए 963 ब्रेस्ट कैंसर के मरीजों में से 950 महिलाएं तथा 13 पुरुष हैं।ब्रेस्ट कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ. मोहित शर्मा के मुताबिक लक्षणों पर ध्यान दिया जाए तो ब्रेस्ट कैंसर को शुरुआती चरण में ही पकड़ा जा सकता है और उसका उपचार भी संभव हो सकता है। साढ़े पांच वर्ष में लगभग 200 महिलाएं ब्रेस्ट कैंसर की ऐसी मरीज सामने आईं थीं जिनकी आयु महज 20 से लेकर 30 वर्ष के बीच है।
समय रहते जांच जरूरी
ब्रेस्ट कैंसर को नियंत्रण में किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी है जागरूकता। बीते कुछ वर्षों से कम आयु में भी कैंसर के मामलों में वृद्धि हुई है। बदलती जीवन शैली इसका बड़ा कारण है। जागरूकता बढ़ाने और समय रहते जांच करवानी चाहिए।
डॉ. शशांक पंड्या, निदेशक जीसीआरआई