
गुजरात में ठंडी हवाओं ने बढ़ाई सिहरन, ओखा-बेट द्वारका की नौका बंद
राजकोट/जामनगर/अहमदाबाद. गुजरात के अधिकांश भाग में मंगलवार मध्यरात्रि के बाद शुरू हुई ठंडी हवाओं के कारण सिहरन बढ़ गई है। तेज हवाओं के कारण ओखा-बेट द्वारकाके बीच चलने वाली फेरी बोट सेवा को बंद करना पड़ा है और जूनागढ़ जिले के गिरनार में रोप वे सेवा भी बंद की गई है। राज्य में सबसे कम 8.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान कच्छ जिले के नलिया में रहा।
देवभूमि द्वारका जिले के द्वारका व आसपास मंगलवार रात से हवा की गति तेज हो गई है। ठंडी हवा के कारण लोग सर्दी से परेशान दिखे वहीं समुद्र में ओखा से बेट द्वारका के बीच चलने वाली फेरी बोट सेवा को बुधवार सुबह से बंद करना पड़ा है। फेरी का संचालन करने वाले गुजरात मैरी टाइम बोर्ड ने यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से बुधवार सुबह फेरी बोट सेवा बंद करने का निर्णय लिया था। समुद्र में हवा के कारण लहर थीं जिससे बोट के अनियंतत्रित होने का डर था। देश विदेश से बड़ी संख्या में लोग भगवान कालिया ठाकोर के दर्शन को यहां आते हैं, इनमें से बड़ी संख्या में श्रद्धालु समुद्र के टापू में तब्दील हुई बेट द्वारका भी दर्शन के लिए जाते हैं। बेट द्वारका जाने के लिए फेरी बोट में जाना होता है। बुधवार को अनेक श्रद्धालुओं को यहां से लौटना पड़ा है। ओखा मरीन पुलिस निरीक्षक देव वंजा के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा के लिए ओखा जेट्टी पर सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात किया है। उनके अनुसार हवा की गति कम होने पर पुन: बोट सेवा शुरू कर दी जाएगी।
गिरनार में रोपवे रहा बंद
दूसरी ओर जूनागढ़ में भी बुधवार सुबह से ही ठंडी हवाओं के कारण लोग परेशान दिखे। तेज हवाओं के कारण सुबह से ही गिरनार का रोपवे बंद करना पड़ा। पहाड़ी पर शहर की तुलना में चार गुना अधिक हवाएं महसूस हो रहीं थीं।
तीन दिनों में तापमान बढऩे की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान बढऩे की संभावना है। बुधवार को कच्छ जिले के नलिया में न्यूनतम तापमान सबसे कम 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डीसा का 10.2, कच्छ जिले के कंडला में 11, वल्लभविद्मानगर में 11, भुज में 11.4, गांधीनगर का 12.2, राजकोट में 12.2 वडोदरा का 12.4, अहमदाबाद में 13.5 तथा सूरत में 14.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
Published on:
04 Jan 2023 10:19 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
