आणंद. आणंद व खेड़ा जिले में सोमवार शाम को शुरू हुई बूंदाबांदी के बाद देर रात को कपड़वंज में चार इंच एवं आणंद में दो इंच पानी गिरा। एक ही रात में हुई इस बारिश के चलते नगरपालिका का प्री-मानसून प्लान की धरा रहा है और चारों ओर पानी भर गया।
आणंद शहर के बात करें तो सोमवार देर रात को करीब दो इंच पानी गिरा, जिसके चलते शहर की नया वतन सोसायटी के पास, जूना योगी पेट्रोल पंप के सामने व झूलेलाल सोसायटी के पास सहित विभिन्न मार्गों पर पानी भर गया। जगह-जगह भरे पानी के चलते बच्चों को सुबह स्कूल जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। पहली बारिश में भी नगरपालिका का प्री-मानसून प्लान कोई काम नहीं आया और बरसाती पानी की स्ट्रोम वाटर ड्रेनेज लाइन की योग्य सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह पानी भर गया।
आणंद बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार मंगलवार सुबह सात बजे तक पिछले १० घंटों के दौरान आणंद में २८ मिलीमीटर, उमरेठ में ४९, बोरसद में ७, आंकलाव में १७, सोजित्रा में ९, खंभात में ३, खेड़ा जिले के नडियाद में ४०, महेमदाबाद में ५, महुधा में ६०, कठलाल में ४५, कपडवंज में १०६, वसो में १३, गळतेश्वर में ५९ व ठासरा में ३८ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। नडियाद, महुधा, कठलाल व कपड़वंज में पौने दो इंच से लेकर ४ इंच तक बारिश होने से निचले इलाकों में पानी भर गया।