वडोदरा. गरवी गुजरात यात्रा की भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन दिल्ली से बुधवार सुबह वडोदरा के विश्वामित्री स्टेशन पहुंची। स्टेशन पर यात्रियों का परंपरागत गरबा नृत्य के साथ स्वागत किया गया। आईआरसीटीसी यह यात्रा करवा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक अमित गुप्ता के अनुसार विश्वमित्री स्टेशन पर पहुंचने पर गुजराती परंपरा एवं सांस्कृतिक परिवेश में सभी यात्रियों को वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्प भेंट किए और उनका स्वागत किया।
स्टेशन पर रेड कारपेट लगाया गया एवं गुजरात की शान गरबा नृत्य का आयोजन भी किया गया। इस दौरान यात्रियों ने भी इस परंपरागत नृत्य का आनंद लिया। यात्रियों को वडोदरा शहर की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का भी अवसर मिला।
यात्रियों ने पंचमहाल जिले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की यूनेस्को हेरिटेज साइट चापानेर का भ्रमण किया। गुरुवार को यात्री स्टेच्यू ऑफ यूनिटी देखने जाएंगे। इसके पश्चात रात्रि में यह ट्रेन सोमनाथ प्रवास के लिए वेरावल प्रस्थान करेगी।