6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

GSEB: जून में सभी विषय की पूरक परीक्षा दे सकेंगे 10वीं बोर्ड के छात्र

-अनुत्तीर्ण या परिणाम सुधारने के इच्छुक विद्यार्थियों को बेस्ट ऑफ टू का विकल्प, बीते साल से गुजरात शिक्षा बोर्ड ने शुरू की है सुविधा

2 min read
Google source verification
GSEB

जीएसईबी।

Ahmedabad. गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसईबी) की ओर से फरवरी-मार्च 2026 में ली गई 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के बुधवार को घोषित परिणाम में जो विद्यार्थी एक, दो तीन, चार या सभी विषय में फेल हुए हैं, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। वे जून 2026 में होने वाली पूरक परीक्षा के समय चाहें तो सभी विषयों की पूरक परीक्षा दे सकते हैं।जीएसईबी के अध्यक्ष मुकेश पंड्या ने 10वीं कक्षा के बोर्ड परिणाम को घोषित करते हुए अध्यक्ष के रूप में दिए अपने लिखित बयान में कहा कि 10वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षार्थियों को बीते साल की तरह इस साल भी बोर्ड की बेस्ट ऑफ टू नीति का लाभ मिलेगा।

ऐसे में जो विद्यार्थी 10वीं बोर्ड परीक्षा में फेल हुए हैं या उनकी अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं आया है। वे विद्यार्थी हताश या निराश ना हों। वे जून 2026 में बोर्ड की ओर से ली जाने वाली 10वीं बोर्ड की पूरक परीक्षा के दौरान बेस्ट ऑफ टू के विकल्प के तहत फिर से चाहें तो फेल हुए एक, दो , तीन या फिर सभी विषय की परीक्षा दे सकते हैं।

फरवरी-मार्च की मुख्य बोर्ड परीक्षा और जून की पूरक परीक्षा में जिसमें जिस परीक्षा में ज्यादा अंक होंगे उस परिणाम को ही बोर्ड ध्यानार्थ लेगा। ऐसे में विद्यार्थियों के पास पास होना का अभी भी एक और मौका है।

ज्ञात हो कि 2024 में बोर्ड ने 12वीं साइंस के विद्यार्थियों को यह विकल्प दिया गया था। फिर वर्ष 2025 से 12वीं सामान्य संकाय और 10वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षार्थियों को भी बेस्ट ऑफ टू का विकल्प देने का निर्णय किया।

स्कूल के माध्यम से भरना होगा पूरक परीक्षा का फॉर्म

पूरक परीक्षा यानि बेस्ट ऑफ टू विकल्प के लिए विद्यार्थियों को परीक्षा का फॉर्म अपने स्कूल के जरिए ही ऑनलाइन भरना होगा। एक विषय के लिए 155 रुपए, दो के लिए 225 , तीन विषय के लिए 285 और चार विषय व उससे ज्यादा विषय के लिए 415 रुपए फीस देनी होगी। दिव्यांग विद्यार्थी और छात्राओं को फीस से छूट दी गई है, लेकिन उन्हें पूरक परीक्षा के लिए फॉर्म भरना अनिवार्य है।बोर्ड ने पूरक परीक्षा की फीस में इजाफा किया है। एक विषय की फीस में पांच, दो और तीन विषय की फीस में 10 और चार विषय व उससे ज्यादा के लिए 20 रुपए बढ़ाए हैं। बीते साल एक विषय की पूरक परीक्षा फीस 150 रुपए, दो विषय के लिए 215, तीन विषय के लिए 275 और चार विषय व उससे ज्यादा विषय के लिए 395 रुपए फीस थी।