21 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गुजरात: लोकसभा चुनाव से पहले आप को झटका, विधायक ने छोड़ी पार्टी, दिया इस्तीफा

गुजरात में लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के विसावदर से विधायक भूपत भायाणी ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा गांधीनगर में विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी को सौंपा। गत वर्ष विधानसभा चुनाव में उन्होंने सौराष्ट्र में जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि जीत के एक वर्ष बाद ही उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उनके भाजपा में शामिल होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।  

2 min read
Google source verification

इस्तीफा सौंपने के बाद उन्होंने कहा कि राष्ट्र हित में काम करने के लिए आम आदमी पार्टी उनके लिए उपयुक्त मंच नहीं था। भायाणी के मुताबिक राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रति समर्पन पर जोर देते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ और सिर्फ राष्ट्रवादी विचारधारा के चलते आम आदमी पार्टी छोड़ दी है।

उन्होंने कहा कि वे अगला कदम उठाने से पहले अपने मत क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। भाजपा में शामिल होने की संभावना पर उन्होंने कहा कि वे पहले भाजपा के कार्यकर्ता रहे हैं।

मूल भाजपाई हैं भायाणी

मूल रूप से भाजपा से जुड़े भायाणी ने टिकट नहीं दिए जाने पर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। उन्होंने 2022 का विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी के टिकट पर लड़ा था और कांग्रेस से भाजपा में आए उम्मीदवार हर्षद रिबडि़या और कांग्रेस के करशन वडोदरिया को हराया था। हालांकि चुनाव जीतने के तुरंत बाद ही उनके इस्तीफे की चर्चा शुरु हो गई थी। कई बार उनके मतक्षेत्र के प्रश्नों के मुद्दे की उपेक्षा की बात वे कहते थे और साथ ही अपने मतदाताओं के साथ चर्चा कर निर्णय लेने की बात कहते थे।

साथ ही यह भी कहा था कि वे मतक्षेत्र के लाभ के लिए भाजपा में शामिल हो सकते हैं।बताया जाता है कि भायाणी पिछले दो दिनों से गांधीनगर में थे और मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल से मिलने के बाद उन्होंने पार्टी को अलविदा कहने का निर्णय लिया।

5 में से 4 विधायक सौराष्ट्र से चुने गए

गुजरात विधानसभा में आम आदमी पार्टी के पांच विधायक चुने गए थे। इनमें से 4 विधायक सौराष्ट्र क्षेत्र से थे जिनमें बोटाद से उमेश मकवाणा, गारियाधार से सुधीर वाघाणी, जामजोधपुर से हेमंत खवा और विसावदर से भूपत भायाणी शामिल हैं। भरूच जिले की डेडियापारा सीट से पार्टी के चैतर वसावा ने जीत दर्ज की थी।

आप के चार विधायक मजबूती से खड़े: गढ़वी

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इशुदान गढ़वी ने दावा किया कि भाजपा उनके विधायकों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है लेकिन पार्टी के चारों विधायक पार्टी के साथ पूरी तरह मजबूती से खड़े हैं। वे पार्टी छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे।