
एआइ तस्वीर।
Ahmedabad. ईरान-इजराइल और अमरीका के बीच युद्ध के हालातों के चलते पैदा हुई स्थिति के बीच सोना और चांदी की एक साल तक खरीदी नहीं करने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपील की है। इतना ही नहीं चांदी के आयात पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। इस खबर के सामने आने के साथ ही गुजरात के राजकोट एयरपोर्ट और अहमदाबाद शहर से बड़े पैमाने पर चांदी जब्त की गई है। इसको लेकर जांच शुरू की है।
गुजरात एटीएस के उपाधीक्षक वीरजीत सिंह परमार ने बताया कि उन्हें पुख्ता सूचना मिली थी कि एयर कार्गो में शंकास्पद तरीके से चांदी भेजी गई है। इसे उत्तरप्रदेश के बनारस की एक कंपनी की ओर से पहले मुंबई और फिर मुंबई से राजकोट भेजा गया है। इसे लेने के लिए एक विपुल कुरेजा नाम का व्यक्ति आने वाला है। इस सूचना के आधार पर राजकोट शहर क्राइम ब्रांच की टीम के साथ में समन्वय बिठाते हुए शनिवार मध्यरात्रि बाद से नजर रखी। जैसे ही यह व्यक्ति एयरपोर्ट पर इस कार्गो को लेने पहुंचा। इसे हिरासत में लेकर जांच की और पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि चांदी 180 किलोग्राम है। इसकी कीमत करीब पांच करोड़ रुपए है। इसके दस्तावेजों में कुछ कमी पाई गई और यह प्रथम दृष्टया जीएसटी कर चोरी का मामला लगा। जिससे इस मामले में स्टेट जीएसटी विभाग को सूचना दी गई और शंकास्पद व्यक्ति व चांदी को स्टेट जीएसटी को सौंपा गया है। वह इस मामले में आगे की जरूरी कार्रवाई कर रहे हैं।
स्टेट जीएसटी ने गीता मंदिर क्षेत्र में पुख्ता सूचना के आधार पर रविवार को कार्रवाई करते हुए 100 किलोग्राम चांदी जब्त की है। यह चांदी भी अहमदाबाद से राजकोट ले जाई जा रही थी। इसको लेकर स्टेट जीएसटी की मोबाइल स्क्वॉड ने कार्रवाई शुरू की है। अहमदाबाद से राजकोट जाने वाली बस से यह चांदी जब्त की गई है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। इसके साथ ही चांदी के बिलों की जांच की जा रही है। यह चांदी किसकी है और कहां ले जाई जा रही थी। उसकी जांच में स्टेट जीएसटी की टीम जुटी है। हालांकि आधिकारिक रूप से स्टेट जीएसटी की ओर से इस संदर्भ में अब तक कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
Updated on:
17 May 2026 09:58 pm
Published on:
17 May 2026 09:58 pm
