17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दाहोद : कार से ढाई करोड़ से अधिक की बेहिसाबी नकदी जब्त, चालक हिरासत में

गोधरा. दाहोद जिले में पुलिस ने लीमखेड़ा की धानपुर चौकड़ी के पास कार से 2.56 करोड़ रुपए से अधिक की बेहिसाबी नकदी जब्त की। मौके से चालक को हिरासत में लिया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह रकम एक अंगड़िया पेढ़ी से जुड़ी है।

2 min read
Google source verification
Dahod: Unaccounted Cash Exceeding ₹2.5 Crore Seized from Car; Driver Detained

दाहोद जिले में लीमखेड़ा की धानपुर चौकड़ी के पास कार से जब्त नकदी।

लीमखेड़ा की धानपुर चौकड़ी के पास पुलिस की कार्रवाई

गोधरा. दाहोद जिले में पुलिस ने लीमखेड़ा की धानपुर चौकड़ी के पास कार से 2.56 करोड़ रुपए से अधिक की बेहिसाबी नकदी जब्त की। मौके से चालक को हिरासत में लिया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह रकम एक अंगड़िया पेढ़ी से जुड़ी है।
जानकारी के अनुसार, लीमखेड़ा पुलिस थाने का स्टाफ धानपुर चौकड़ी के पास वाहन जांच अभियान में जुटा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक संदिग्ध कार को पुलिस ने रोका। कार की तलाशी लेने पर उसमें से तीन संदिग्ध पार्सल मिले।
मामला गंभीर होने के कारण लीमखेड़ा पुलिस ने तुरंत स्थानीय गवाहों को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में तीनों पार्सल खोले। पार्सलों से भारतीय नोटों का भारी जत्था बरामद हुआ। मशीनों द्वारा नोटों की विधिवत गिनती करने पर कुल 2.56 करोड़ रुपए से अधिक रकम होने की बात सामने आई।

दाहोद की आंगड़िया पेढ़ी से वडोदरा पहुंचानी थी

लीमखेड़ा पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में इस धन की हेराफेरी को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। कार चालक राजू नीनामा को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई। उसने कबूल किया कि यह रकम दाहोद की एक आंगड़िया पेढ़ी से ली गई थी और इसे वडोदरा पहुंचाया जाना था।
लीमखेड़ा पुलिस को कार चालक ने बताया कि दाहोद के भरत चोपड़ा नाम के व्यक्ति ने यह रकम वडोदरा में डिलीवरी करने के लिए दी थी। लीमखेड़ा पुलिस ने कार चालक से बिल, रसीद या अन्य कानूनी दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी सबूत पेश नहीं कर सका।

सरकारी ट्रेजरी में जमा कराया

चूंकि यह राशि पूरी तरह से बेहिसाबी थी, इसलिए लीमखेड़ा पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत इस पूरी नकदी को जब्त कर सरकारी ट्रेजरी में जमा करा दिया है।

आयकर विभाग को दी जानकारी

इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका मुख्य स्रोत क्या है, यह जानने के लिए लीमखेड़ा पुलिस स्टेशन डायरी में एंट्री कर पूरे मामले की आयकर विभाग को आधिकारिक रूप से जानकारी दे दी है। अब इस मामले में आयकर विभाग द्वारा आगे की जांच की जाएगी, जिसमें दाहोद के भरत चोपड़ा और संबंधित अंगड़िया पेढ़ी से भी पूछताछ करने की संभावना है।