
गुजरात: अब भाजयुमो में ३५ साल आयु वाले 'युवा' को ही कमान
अहमदाबाद. गुजरात प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने युवा राजनीति में एक नई पहल की है। जिसके तहत भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) में अब सही मायने में युवाओं का ही दबदबा होगा। १८ से ३५ साल के युवा ही भाजयुमो की कमान संभालेंगे। यह निर्णय न सिर्फ भाजयुमो की प्रदेश के पदाधिकारी चुनने के मामले में लागू होगा बल्कि सभी शहर और जिला स्तर तक के भाजयुमो के संगठन पर भी प्रभावी होगा। अभी जो ३५ साल से अधिक आयु के युवा भाजयुमो से जुड़े हैं उन्हें भाजयुमो की जगह भाजपा में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कोरोट ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश भाजपा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल ने निर्णय किया है कि ३५ साल तक के युवा को ही भाजयुमो में अध्यक्ष एवं महामंत्री बनाया जाए। इतना ही नहीं जहां तक संभव हो उनके मातहत काम करने वाली टीम में भी १८ से ३५ साल के युवा ही शामिल किए जाएं। अभी भाजयुमो का प्रदेश स्तर का गठन हुआ है। ४१ शहर और जिले के संगठन में से ३५ में पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है अन्य की चल रही है। उसमें इस नियम का पालन कराया जा रहा है।
कोराट ने बताया कि इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को भाजपा से जोडऩा है। राजनीति में भागीदार बनाना और उनकी सक्रियता को बढ़ाना है।
६० साल से ऊपर वालों को नहीं दिया था टिकट!
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने इससे पहले स्थानीय निकाय चुनावों में टिकट आवंटन के मामले में भी ६० साल की आयु सेे अधिक उम्रवालों को टिकट नहीं देने का निर्णय किया था। लगातार तीन टर्म चुने जाने वाले या पदाधिकारी रहने वालों को टिकट नहीं दिया गया। इस निर्णय का पार्टी में जमीनी स्तर तक सकारात्मक संकेत गया और उसका परिणाम भी चुनावों में देखने को मिला। जिसके चलते अब तक की ऐतिहासिक जीत स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी को मिली। इस निर्णय के बाद अब पार्टी ने पार्टी की युवा इकाई भाजयुमो में भी आयु मर्यादा को लागू किया है।
राजकोट, नवसारी के नए पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा
राजकोट महानगर के प्रमुख और महामंत्री और नवसारी जिला के प्रमुख की जो नियुक्ति की गई थी। उनकी आयु ३५ साल से छह महीने या एक साल ज्यादा होने का पता चला, जिस पर आलाकमान के निर्देश पर इन नए पदाधिकारियों ने स्वैच्छिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कोराट का कहना है कि इन पदाधिकारियों का पार्टी स्तर पर कहीं उपयोग किया जाएगा।
Published on:
18 Jun 2021 10:33 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
