
Gujarat Budget 2022: सैनिक स्कूल की तर्ज पर रक्षा शक्ति स्कूल, 50 ज्ञान शक्ति रेसिडेंसियल स्कूल होंगे शुरू
अहमदाबाद. गुजरात में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए राज्य सरकार ने वर्ष 2022-23 के बजट में शिक्षा विभाग को सर्वाधिक 34 हजार 884 करोड़ रुपए आवंटित करने का प्रस्ताव किया है।
सरकार ने केन्द्र सरकार के सैनिक स्कूलों की तर्ज पर राज्य में सामाजिक भागीदारी से रक्षा शक्ति स्कूल शुरू करने की घोषणा की है। इसके लिए पांच करोड़ रुपए आवंटित किए हंै। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निवासी स्तर पर बेहतर गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए राज्य में 50 ज्ञान शक्ति रेसिडेंसियल स्कूल भी सामाजिक भागीदारी से शुरू करने की घोषणा की है, जिसके तहत एक लाख विद्यार्थियों को शिक्षित करने का लक्ष्य है। बजट में 60 करोड़ का प्रस्ताव किया है। 11 लाख विद्यार्थियों को एसटी बस के पास देने के लिए 205 करोड़ आवंटित किए हैं।
वित्तमंत्री कनूभाई देसाई की ओर से पेश किए गए उनके पहले बजट में मिशन स्कूल ऑफ एक्सीलेंस योजना शुरू कर स्कूलों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने एवं शिक्षा पद्धति में सुधार करने की घोषणा की है। इसके लिए 1188 करोड़ आवंटित किए हैं। राज्य में फिलहाल स्कूलों में ढाई हजार कमरे निर्माणाधीन हैं, आगामी वर्ष 10 हजार कमरे बनेंगे, जिसके लिए 937 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। प्राइमरी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने को 20 करोड़ और स्कूलों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के लिए थैरेपी की सुविधा सुनिश्चित करने को 21 करोड़ आवंटित किए हैं।
माध्यमिक स्कूलों में वोकेशनल ट्रनिंग कोर्स के लिए 129 करोड़ आवंटित किए हैं। आरटीई एक्ट के तहत निजी स्कूल के विद्यार्थियों की फीस के लिए 629 करोड़ दिए जाएंगे। जांबूघोड़ा और मोरवा हडफ़ तहसील में दूध संजीवनी योजना का लाभ दिया जाएगा। 50 लाख बच्चों को मध्याह्न भोजन का लाभ देने को 1068 करोड़ का प्रावधान किया है।
छह नए सरकारी कॉलेज खुलेंगे, 3 में साइंस कोर्स
बजट में छह नए सरकारी कॉलेज शुरू करने की घोषणा की है। इसमें एक कॉलेज सूरत के लिंबायत में, दूसरा सूरत के वराछा में, तीसरा राजकोट के जसदण में, चौथा अमरेली के बगसरा में, पांचवां भावनगर के पालीताणा में छठा महीसागर के संतरामपुर में खोला जाएगा। आदिवासी बहुल सूरत के काछल नर्मदा के डेडियापाडा और नवसारी के खेरगाम के कॉलेजों में साइंस से जुड़े कोर्स शुरू होंगे।
डिजिटल शिक्षा का फंड, आईआईटी-राम में ड्रोन तकनीक
राज्य सरकार ने डिजिटल शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए 30 करोड़ रुपए का डिजिटल एजूकेशन डेवलपमेंट फंड बनाने की घोषणा की है। अहमदाबाद स्थित आईआईटी राम में ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए 6 करोड़ का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री युवा स्वावलंबन योजना के तहत छात्रवृत्ति के लिए 350 करोड़, स्टार्टअप, इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए पांच साल में 300 करोड़ खर्च होंगे। बजट में 60 करोड़ का आवंटन किया है इसके तहत 10 हजार स्कूल और एक हजार कॉलेज के 50 लाख विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य है। तीन लाख विद्यार्थियों को नमो टेबलेट दिए जाएंगे, जिसके लिए 200 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। पीएचडी करने वाले एक हजार विद्यार्थियों को शोध व अन्य जरूरी खर्च को देखते हुए बजट में प्रति विद्यार्थी दो लाख रुपए के तहत शोध योजना के लिए 20 करोड़ आवंटित किए हैं।
Published on:
03 Mar 2022 09:25 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
