
Gujarat: पाटिल की अपील, भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं को उम्मीदवार समझ करे काम
अहमदाबाद. अगले वर्ष विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने तैयारियां आरंभ कर दी है। चुनाव संबंधी रणनीति के लिए बुधवार को पार्टी मुख्यालय में गुजरात भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की आयोजित बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं को उम्मीदवार समझे और उसी तरह से काम करना आरंभ कर दे। प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं चुनाव जीतने और जीताने के लिए काम करे।
पाटिल के मुताबिक पेज समिति का उचित उपयोग करने पर चुनाव में सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने केन्द्र व राज्य सरकार की प्रत्येक योजनाओं का लाभ लाभार्थियों को मिलने के संबंध में पर्याप्त प्रयत्न करने को भी कहा। सरकार की योजनाओं का लाभ मिलेगा तो संबंधित लाभार्थी पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कोई स्वागत नहीं किया जाता जबकि भाजपा कार्यकर्ता जब भी पेज समिति बनाने के लिए लोगों के घर जाते हैं तब उनका स्वागत किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम और उनकी ओर से किए गए जनता के कार्य ही अपने को चुनाव में मत दिलवाते हैं। इस अवसर पर पेज समिति के बारे में जानकारी दी गई।
संगठन में गुजरात नंबर वन: सीएम
कार्यकारिणी में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि संगठन में गुजरात नंबर वन है और वर्ष 2070 तक नंबर एक रहेगा। प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी सुधीर गुप्ता ने कहा कि भाजपा संगठन की विभिन्न श्रेणियों के चार या पांच व्यक्ति के संपर्क से देश के प्रधानमंत्री से संपर्क हो सकता है। यह भाजपा के मजबूत संगठन का उदाहरण है।
संगठन महामंत्री रत्नाकर ने कहा कि हर घरदस्तक अभियान से राज्य में दिसंबर अंत तक 100 फीसदी वैक्सीनेशन हो सकेगा।
पद्मश्री प्राप्त हस्तियों का सम्मान
इस अवसर पर पद्मश्री प्राप्त हस्तियों का सम्मान किया गया। पाटिल ने कहा कि यह ऐतिहासिक है और भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में यह गौरव की बात है। प्रदेश कार्यकारिणी में पूर्व मुख्यमंत्री विजयरूपाणी, पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल , मंत्रीगण, पूर्व मंत्रीगण, प्रदेश महामंत्री विनोद चावड़ा, विभिन्न मोर्चा प्रमुख सहित अन्य उपस्थित थे।
Published on:
17 Nov 2021 11:43 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
