
Gujarat: गुजरात कांग्रेस में 25 उपाध्यक्ष, 75 महासचिव की नियुक्ति
अहमदाबाद. गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति ने अपने प्रदेश स्तरीय संगठन का गठन कर दिया है। प्रदेश में जंबो स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
गुजरात प्रदेश कांग्रेस के जंबो संगठन में पूर्व विधायक इंद्रनील राज्यगुरू, सत्यजीत गायकवाड़, कुलदीप शर्मा, विधायक गेनीबेन ठाकोर, निशिथ व्यास, हेमांग वसावड़ा, अशोक पंजाबी, महिला प्रदेश अध्यक्ष गायत्रीबा वाघेला सहित 25 को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं वी.के.हुंबल, राजू ब्रह्मभट्ट, आदम चाकी, मनोज पनारा, गीताबेन पटेल, विनय सिंह तोमर, मोहन सिंह राजपूत, किरीट पटेल सहित 75 महामंत्री नियुक्त किए गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि पार्टी के नए संगठन में विधायकों और पूर्व अध्यक्ष तथा वरिष्ठ नेताओं को जगह नहीं दी गई है, जिसके चलते काफी नेता नाराज बताए जा रहे हैं। उधर पार्टी के पदाधिकारियों की नियुक्ति में काफी युवाओं को भी तवज्जो दी गई है।
पार्टी ने राज्य के 19 जिला और शहर कांग्रेस समितियों में अध्यक्षों की नियुक्ति की है। हालांकि अभी भी काफी जिला और शहर में नियुक्तियां होनी बाकी हैं। अहमदाबाद शहर के दरियापुर से पार्षद नीरव बक्शी को अहमदाबाद शहर कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस के चार सचिवों को गुजरात की जिम्मेदारी
उधर कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुजरात के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी के चार सचिवों को गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी है।
इनमें उमंग सिंघर, वीरेन्द्र सिंह राठौड़, बी.एम.संदीप तथा रामकिशन ओझा शामिल हैं। यह चारों सचिव गुजरात के प्रदेश प्रभारी डॉ.रघु शर्मा के साथ मिलकर काम करेंगे। पार्टी ने अब तक गुजरात में जिम्मेदारी संभाल रहे पार्टी के सचिव डॉ.बिश्वरंजन मोहंती तथा जितेन्द्र सिंह बघेल को गुजरात की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया।
Published on:
25 Mar 2022 10:46 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
