
Gujarat: 36वें राष्ट्रीय खेलों के लिए गिर के शेर वाला प्रतीक चिह्न लॉन्च
Gujarat govt unveils logo for 36th National Games
गुजरात में आयोजित होने वाले 36वें राष्ट्रीय खेल का प्रतीक चिह्न (लोगो) शुक्रवार को लॉन्च किया गया। गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने इसे लॉन्च किया।
राज्य के छह शहरों में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन 27 सितंबर से 10 अक्टूबर के दौरान होगा। इन खेलों के आयोजन के लिए गुजरात सरकार, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) और गुजरात राज्य ओलंपिक संघ (जीएसओए) के बीच त्रिपक्षीय समझौता करार (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात की विशिष्ट पहचान गिर के शेर को प्रतीक चिह्न में स्थान मिला है। इस लोगो में गुजरात की अस्मिता, स्वाभिमान के साथ-साथ खेलकूद का जुनून भी झलक रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 36वें राष्ट्रीय खेलों का प्रतीक चिह्न खिलाडिय़ों में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करेगा।
इन खेलों के लिए ध्येय वाक्य (टैगलाइन) 'सेलिब्रेटिंग यूनिटी थ्रूस्पोर्ट्स’ रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद अनेक छोटी-बड़ी रियासतों एवं प्रांतों को एक सूत्र में पिरोकर गुजरात के सपूत सरदार पटेल ने 'एक भारत’ का ध्येय पूरा किया था। गुजरात में जब इन खेलों का आयोजन हो रहा हो, तब उसकी टैगलाइन एकता का मंत्र वाली रखी गई है।
सफल आयोजन करेगा गुजरात
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात इन खेलों का आयोजन सफलतापूर्वक करेगा। गुजरात को 7 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद होने जा रहे राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एमओयू राष्ट्रीय खेलों के शानदार आयोजन को पूरा करने के लिए आधार स्तंभ साबित होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से भारत में खेल क्षेत्र के स्वर्णिम युग का सूत्रपात हो चुका है। गुजरात ने व्यापक फलक पर खेल की आधारभूत सुविधा विकसित की है। राज्य अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल स्पर्धाओं और ओलंपिक जैसे आयोजन के लिए तैयारी कर रहा है। राष्ट्रीय खेल इसमें पूरक साबित होगा।
महज तीन महीने में की तैयारी: संघवी
खेल मंत्री हर्ष संघवी ने गुजरात को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का अवसर प्राप्त होने पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति से देश के युवाओं और राज्य के खिलाडिय़ों को श्रेष्ठ प्लेटफॉर्म देने के साथ भारतीय ओलंपिक संघ, गुजरात राज्य ओलंपिक संघ और गुजरात सरकार के सहयोग से गुजरात में राष्ट्रीय खेल-2022 का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की तैयारी के लिए आम तौर पर लगभग तीन वर्ष का समय लगता है, तब इतनी कम अवधि में गुजरात ने यह आयोजन कर दिखाया है।
खिलाडिय़ों का अनोखे तरीके से होगा स्वागत
मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय खेल में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाडिय़ों का गुजरात में अनोखे तरीके से स्वागत किया जाएगा। राज्य में जिस खेल विभाग का बजट 20 वर्षों में 2.5 करोड़ रुपए से बढक़र अब 250 करोड़ तक पहुंच गया है। गुजरात ने खिलाडिय़ों और खेलकूद के लिए श्रेष्ठ आधुनिक ढांचागत सुविधाओं के स्वरूप में श्रेष्ठ स्टेडियम और मैदान तैयार किए हैं। राज्य के विभिन्न जिलों और शहरों में खेलों का बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया है।
राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में सर्वाधिक 36 खेल शामिल
भारतीय ओलंपिक संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष अनिल खन्ना ने कहा कि गुजरात में होने वाले 36वें राष्ट्रीय खेलों में पहली बार सर्वाधिक 36 खेल शामिल किए गए हैं। इन खेलों में 36 राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के खिलाड़ी 36 विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।
गुजरात राज्य ओलंपिक संघ के अध्यक्ष देवेन्द्र सोलंकी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल हर खिलाड़ी के लिए एक स्वप्न है, जो खिलाडयि़ों में खेलभावना, सौहार्द और एकता को बढ़ाता है। काफी कम समय में आयोजित होने वाले खेलों का स्थल और समय निर्धारित कर दिया गया है।
खेल विभाग के प्रधान सचिव अश्विनी कुमार ने कहा कि खेल विविधताओं से परिपूर्ण भारत देश को एक सूत्र से जोड़ती है। राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना तथा पारस्परिक मूल्यों के सम्मान को जोड़े रखती है।
इस अवसर पर भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता, गुजरात राज्य ओलंपिक संघ के सचिव इंद्रदण नाणावटी, भारतीय खेल प्राधिकरण के सचिव रोहित भारद्वाज सहित कई अधिकारी, राज्य एवं जिला स्तरीय संगठनों के प्रतिनिधि, कोच और ट्रेनर सहित कई खिलाड़ी भी उपस्थित रहे।
Published on:
22 Jul 2022 10:27 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
