सीएम रूपाणी ने गृह विभाग को दिया जांच का आदेश, दोषियों विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई
गांधीनगर. गुजरात पुलिस बेड़े के लोक रक्षक दल (एलआरडी-कांस्टेबल) के पदों पर भर्ती के लिए रविवार को होने जा रही लिखित परीक्षा का पेपर परीक्षा से चंद घंटों पहले ही फूट जाने की घटना को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस मामले में अन्य उम्मीदवारों के साथ अन्याय ना हो इसे देखते हुए परीक्षा को रद्द करने का निर्णय किया है। परीक्षा जल्द ही नए सिरे से लेने की घोषणा भी की है। इसके साथ ही इस मामले में गृह विभाग को जांच का आदेश दिया है। इसके पीछे जो भी जिम्मेदार हैं, दोषी पाए जाते हैं उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया है।
मुख्यमंत्री रूपाणी ने पेपर देने के लिए परीक्षार्थियों के परीक्षा केन्द्र पर पहुंच जाने के बाद पेपर के लीक होने की घटना सामने आने पर परीक्षार्थियों को हुई परेशानी को मद्देनजर रखते हुए अहम घोषणा भी की है।
उन्होंने कहा कि नए सिरे से जब भी परीक्षा दोबारा ली जाएगी तब परीक्षा के सभी उम्मीदवारों को उनके घर से परीक्षा केंद्र तक आने और केन्द्र से घर तक जाने का राज्य परिवहन (एसटी) की बस का किराया राज्य सरकार की ओर से दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गृह विभाग को दिए निर्देश में राज्य के निर्दोष युवाओं के भविष्य का ख्याल रखते हुए पूरी संवेदना के साथ घटना में शामिल सभी जवाबदेह एवं दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
परीक्षा केन्द्र पर पहुंचने के बाद पेपर लीक होने का पता चलने पर उम्मीदवारों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। उधर कांग्रेस पार्टी से लेकर अन्य विपक्षी दल और नेताओं की ओर से सरकार पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाने पर मुख्यमंत्री ने इस मामले में आगामी परीक्षा के समय आने-जाने का किराया देने की घोषणा कर दी।
गुजरात पुलिस की एलआरडी भर्ती का पेपर लीक, परीक्षा रद्द
अहमदाबाद. गुजरात सरकार की ओर से पुलिस महकमें में लोक रक्षक दल (एलआरडी-कांस्टेबल) के 9713 पदों पर भर्ती के लिए रविवार को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा का पेपर परीक्षा शुरू होने से चंद घंटे पहले ही लीक हो गया। खबर मिलते ही हरकत में आए भर्ती बोर्ड ने परीक्षा रद्द करने की घोषणा कर दी। परीक्षा में आठ लाख 76 हजार 356 उम्मीदवार शिरकत करने केंद्रों पर भी पहुंच गए थे। परीक्षा रद्द होने के चलते उम्मीदवारों को खासी परेशानी हुई। एलआरडी भर्ती बोर्ड ने राज्य के 29 शहर व जिलों की 2440 स्कूलों में परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे, जिनमें 29200 कमरों में बैठक व्यवस्था की गई थी। सभी में सीसीटीवी कैमरे लगाने, उम्मीदवारों को परीक्षा देने के समय बायोमैट्रिक रजिस्ट्रेशन कराने की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की जानी थी। पेपर लीक ना हो इसके लिए स्ट्रॉगरूम के बाहर हथियारधारी सुरक्षा जवान की तैनाती की गई थी,साथ ही सीसीटीवी कैमरे के जरिए मॉनीटरिंग की जा रही थी, इसके बावजूद परीक्षा दोपहर तीन बजे से शुरू हो उससे चंद घंटो पहले ही पेपर लीक हो गया। ये पालनपुर से लीक होने की चर्चा है। परीक्षा रविवार दोपहर तीन से चार बजे के दौरान ली जानी थी।