
सीआईडी क्राइम को सौंपी कबूतरबाजी मामलों पर कार्रवाई की जिम्मेदारी
अहमदाबाद. गांधीनगर की कलोल तहसील के डिंगूचा गांव निवासी पटेल परिवार के चार सदस्यों की कनाडा-अमरीका बॉर्डर पर कथित रूप से अमरीका में घुसने के दौरान बर्फबारी में ठिठुरने से हुई मौत के बाद गुजरात पुलिस कबूतरबाजी को लेकर सतर्क हुई है।
गुजरात पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) आशीष भाटिया ने ऐसे कबूतरबाजी (अवैध रूप से विदेश जाने) के मामलों पर नजर रखने तथा उस पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सीआईडी क्राइम के प्रमुख (डीजीपी) को सौंपी है। उन्हें ऐसे मामलों के लिए राज्य स्तर का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ-साथ डीजीपी ने राज्य की सभी जिला और शहर पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और आईबी को भी ऐसे मामलों पर नजर रखने को कहा है।
राज्य में जिन स्थलों पर सबसे ज्यादा ऐसी अवैध गतिविधियां हो रही हैं ऐसे अहमदाबाद शहर, महेसाणा के उच्च अधिकारियों और राज्य की आईबी तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की। जिसमें लोगों को विदेश भेजने वाले एजेंटों पर नजर रखने, इसके नाम पर ठगने वाले गिरोहों का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया है।
पासपोर्ट पर फोटो बदलकर भेजते हैं विदेश
डीजीपी की इस बैठक में सामने आया कि अमरीका, कनाडा व अन्य देशों में लोगों को एजेंट लोगों के पासपोर्ट में उनके जैसे दिखने वाले व्यक्ति की जगह संबंधित व्यक्ति का फोटो बदलकर, फर्जी दस्तावेज, वीजा के जरिए भेजते हैं। मैक्सिको, कनाडा, अफ्रीकी देशों में पहले भेजकर फिर अमरीका व अन्य यूरोपिय देशों में भेजने के नाम पर लोगों को ठगा जाता है। ऐसा करने वाले स्थानीय व दिल्ली के एजेंटों पर नजर रखने को कहा है।
डुप्लीकेट पासपोर्ट पर 30 लोगों को अमरीका भेजने का खुलासा
डीजीपी के निर्देश पर सक्रिय हुई अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच ने डुप्लीकेट पासपोर्ट पर लोगों को पहले यूरोप फिर मैक्सिको और फिर वहां से अमरीका भेजने के नाम पर ठगने वाले अहमदाबाद निवासी एजेंट हरेश पटेल, रजत चावड़ा को पकड़ा है। उनके साथ राजू प्रजापति और हार्दिक पटेल को भी पकड़ा है।
हरेश पटेल महेसाणा निवासी राजू प्रजापति व उनकी पत्नी शिल्पा को राजेन्द्रपटेल और कामिनीबेन नाम के डुप्लीकेट पासपोर्ट पर अमरीका भेजने वाला था। सूचना पर उन्हें पकड़ा। आरोपी की पूछताछ में सामने आया कि अब तक वह करीब 28-30 लोगों को इसी प्रकार से डुप्लीकेट पासपोर्ट पर अमरीका भेज चुका है। एक परिवार से 60-65 लाख रुपए लेता था।
आरोपी हरेश के घर से क्राइम ब्रांच ने 78 अलग-अलग पासपोर्ट, 44 आधारकार्ड, 23 पानकार्ड व अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। रजत चावड़ा के यहां से भी कई दस्तावेज जब्त किए हैं।
कामचलाऊ वीजा के जरिए भेजते विदेश
हरेश की पूछताछ में सामने आया कि वह महेसाणा दिल्ली के एजेंटों और विदेशी एजेंटों के जरिए यूरोप का काम चलाऊ वीजा दिलाकर वहां ले जाते हैं। वहां से मैक्सिको ले जाते और मैक्सिको से अवैध रूप से अमरीका में प्रवेश दिलाते हैं, लेकिन ऐसी गतिविधि देख यूरोपीय देशों ने कामचलाऊ वीजा के नियम कड़े कर दिए हैं, जिससे आरोपियों ने अब नाइजीरिया से मैक्सिको का नया रास्ता चुना है।
Published on:
20 Feb 2022 10:18 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
