
गुजरात की रो-रो फेरी सेवा मुंबई तक बढ़ाने की योजना
गांधीनगर. एक तरफ जहां अहमदाबाद से मुंबई के बीच बुलेट ट्रेन को लेकर काम आगे बढऩे की ओर है वहीं दूसरी ओर गुजरात सरकार अपनी रो-रो (रोल ऑन-रोल ऑफ) फेरी सेवा को भी मुंबई तक बढ़ाने की योजना पर विचार कर रही है।
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बुधवार को विधानसभा को यह बताया कि राज्य सरकार घोघा-दहेज रो-रो फेरी सेवा के अलावा सात-आठ स्थलों से आरंभ करने पर विचार कर रही है। फेरी सेवा के बाद अब दूसरे चरण में रो-पेक्स फेरी सेवा आरंभ हो रही है। इससे यात्रियों के साथ-साथ बड़े वाहनों का भी परिवहन हो सकेगा। इस सेवा को कच्छ के अलावा हजीरा, जाफराबाद, पीपावाव और जरूरत पडऩे पर मुंबई तक बढ़ाए जाने की राज्य सरकार की योजना है। इससे कच्छ, भावनगर, अमरेली व जामनगर के लोग समुद्र रास्ते सीधे मुंबई जाने का भी लाभ ले सकेंगे।
कांग्रेस विधायक चंदनजी ठाकोर के सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि घोघा-दहेज रो-रो फेरी सेवा आकार और क्षमता की दृष्टि से देश की सबसे पहली सेवा है।
इस संबंध में ऊर्जा मंत्री सौरभ पटेल ने बताया कि फिलहाल यह सिर्फ यात्रियों को लाने-ले जाने का काम कर रही है। नवरात्रि से दूसरे चरण में वाहनों का भी परिवहन हो सकेगा। कार्गो व यात्री परिवहन के लिए यह सेवा सिर्फ देश ही नहीं बल्कि दक्षिण पूर्व एशिया की सबसे बड़ी सेवा बन रही है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष 22 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह सेवा आरंभ की थी।
उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ मेसर्स बेकेट रेन्किंग से रिपोर्ट तैयार कराई गई थी जिसमें कुल पांच स्थलों-घोघा-दहेज, हजीरा, जाफराबाद व पीपावाव का चयन किया गया था जिसे चरणबद्ध तरीके से मुंबई तक बढ़ाने का भी निर्देश दिया था। कच्छ की खाड़ी में भी यह सेवा आरंभ किए जाने की संभावना की रिपोर्ट तैयार की गई है। इसके लिए मुंद्रा के निकट कुवाया और बेडी-जामनगर के बीच संभावित पथ हो सकता है।
जून तक 54 हजार से ज्यादा लोगों को लाभ
इस वर्ष जून तक 197 दिनों के दौरान इस फेरी सेवा के 788 ट्रिप में 54639 यात्रियों ने लाभ लिया। मानसून के दौरान विपरीत परिस्थिति होने ने सुरक्षा की दृष्टि से यह सेवा बंद कर दी गई है।
खरीदा कोरियाई जहाज
नवरात्रि के दौरान इस योजना का दूसरा चरण आरंभ किया जाएगा। इसके लिए 500 यात्रियों व 65 ट्रकों की क्षमता वाला विशाल जहाज कोरिया से खरीदा गया है। यह जहाज फिलहाल ओखा बंदरगाह पर खड़ा है।
आगामी 25 सितम्बर से इसका ट्रायल रन आरंभ होगा। आरंभिक चरण के तहत प्रतिदिन इस जहाज की एक ट्रिप होगी वहीं बाद में चार ट्रिप तक हो सकेगी।
इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए 615 करोड़ की मंजूरी मिली है। सागरमाला प्रोजेक्ट के तहत केन्द्र सरकार से 117 करोड़ की रकम मिल सकेगी।
इस योजना के तहत घोघा-दहेज के बीच 360 किलोमीटर के बीच का अंतर सिर्फ 31 किलोमीटर का रह गया है। इससे परिवहन खर्च में कमी आई है। सिर्फ डेढ़ घंटे में पहुंचा जा सकेगा।
Published on:
20 Sept 2018 12:50 am
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
