
Gujarat: कच्छ के रण में एनटीपीसी स्थापित करेगा सबसे बड़ा सोलर प्लांट
अहमदाबाद. एनटीपीसी कच्छ के रण में देश का सबसे बड़ा सोलर प्लांट स्थापित करेगा। एनटीपीसी रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (आरईएल) को गुजरात के खावड़ा स्थित कच्छ के रण में 4750 मेगावॉट के रिन्यूएबल एनर्जी पार्क की स्थापना के लिए नवीनीकृत उर्जा मंत्रालय की ओर से हरी झण्डी मिल गई है। यह देश के सबसे बड़े विद्युत उत्पादक की ओर से निर्मित भारत का सबसे बड़ा सोलर पार्क होगा।
सोलर पार्क स्कीम के मोड 8 (अल्ट्रा मेगरीन्यूएबल एनर्जी पावर पैक) के तहत इसे हरी झंडी दी गई है। एनटीपीसी आरईएल ने इस पार्क से कमर्शियल स्केल पर ग्रीन हाइड्रोजन जनरेट करने की योजना बनाई है।
हरित उर्जा पोर्टफोलियो को बढ़ावा देने के प्रयास में भारत की सबसे बड़ी एकीकृत विद्युत उत्पादक कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने 2032 तक 60 गीगावॉट नवीनीकरण उर्जा क्षमता के निर्माण का लक्ष्य तय किया है। राज्य स्वामित्व की इस विद्युत कंपनी की 70 विद्युत परियोजनाओं में 66 गीगावॉट की इन्स्टॉल्ड क्षमता है और 18 गीगावॉट की अतिरिक्त क्षमता निर्माणाधीन है।
हाल ही में एनटीपीसी ने आन्ध्रप्रदेश के सिम्हाद्री थर्मल पावर प्लांट के रिजरवॉयर पर भारत के सबसे बड़े 10 मेगावॉट के फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट की शुरूआत की थी। 15 मेगावॉट की अतिरिक्त क्षमता का संचालन भी अगस्त 2021 से शुरू हो जाएगा।
Published on:
13 Jul 2021 10:03 pm

