
Health news : वेलनेस सेन्टर में लगेंगे ठहाके, गूंजेगा संगीत
गांधीनगर. गुजरात में आगामी समय में मॉडल हेल्थ एंड वेलनेस सेन्टर स्थापित किए जाएंगे। इन केन्द्रों में संगीत, म्यूजिक थेरापी होगी, जहां संगीत के जरिए मरीजों का इलाज किया जाएगा। वहीं लाफिंग क्लब भी होंगे, जहां स्वास्थ्य बेहतर रखने के लिए ठहाके लगेंगे। इसके अलावा इन केन्द्रों में आयुर्वेदिक व हर्बल गार्डन, स्वास्थ्य समन्वय, फिजियोथेरापी, व्यायाम के लिए ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक तथा प्ले एरिया के साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस लाफिंग क्लब एवं योग सेंटर जैसी सुविधाएं होंगी।
स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्रों में आयुर्वेद, योग तथा एलोपैथी के एकीकरण के उद्देश्य से इन केन्द्रों में स्वास्थ्य समन्वय नामक कार्यक्रम चलाया जाता है। इसके लिए अब तक 1500 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स को 21 दिनों का प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा, राज्य भर में कुल 9 आयुर्वेदिक कॉलेजों की भी पहचान की गई है।
अब तक 7523 स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्र स्थापित
गुजरात ने स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्र (हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर) स्थापित करने में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। गुजरात सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में 7006 स्वास्थ्य व कल्याण केन्द्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा था, जबकि राज्य में 7523 केन्द्र शुरू किए गए हैं। इस प्रकार गुजरात ने 107 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। वहीं गुजरात सरकार ने उप स्वास्थ्य केन्द्रों में 6215 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स की नियुक्तियां कीं।
इन स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्रों द्वारा लोगों को गर्भावस्था तथा शिशु जन्म संबंधी सेवाएं, नवजात शिशु व बाल स्वास्थ्य सुश्रुषा सेवा, बच्चों तथा किशोरों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन, गर्भनिरोधक सेवाएं, संक्रामक रोग नियंत्रण, कान-नाक-गले की समस्याओं का निदान, आपात चिकित्सा सेवाएं और मानसिक रोगों का निदान तथा सामान्य प्रबंधन सहित सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।
राज्य सरकार ने स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्रों में अधिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर का पद सृजित किया है। ये अधिकारी नियमित रूप से इन केन्द्रों में उपस्थित रहते हैं और जटिल केसों में चिकित्सा अधिकारियों के साथ टेली कन्सल्टेंसी द्वारा उपचार संबंधी मार्गदर्शन लेकर सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।
देखा जाए तो अब तक स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्रों पर 7,83,06,876 लाभार्थियों ने ओपीडी का लाभ लिया है, जिसमें ं7,18,65,712 लाभार्थियों को इन सेंटर्स में दवाई की सुविधा दी गई। वहीं 3,80,03,926 लाभार्थियों ने निदान सेवाओं का लाभ लिया। जबकि 35,57,246 लाभार्थियों ने इन केन्द्रों में आयोजित वेलनेस सत्रों का लाभ लिया है।
Published on:
03 Jun 2022 08:31 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
