
साणंद में सेमीकंडक्टर प्लांट के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केन्द्रीय आइटी मंत्री अश्विनी वैष्णव।
Ahmedabad. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज भारत का सेमीकंडक्टर मार्केट करीब फिफ्टी बिलियन डॉलर, यानी करीब-करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपए का है। ये इस दशक के अंत तक सौ बिलियन डॉलर यानी नौ लाख करोड़ रुपए को पार कर सकता है। यह दिखाता है कि भारत में इस सेक्टर में कितनी ज्यादा संभावनाएं हैं। हमारा टारगेट अपनी ज़रूरतों की अधिक से अधिक चिप भारत में ही बनाने का है। भारत के इस संकल्प को लेकर दुनियाभर के निवेशकों में जो उत्साह है, वो हमारे लिए बहुत बड़ी पूंजी है।
प्रधानमंत्री मंगलवार को अहमदाबाद के साणंद में 3300 करोड़ की लागत से बने केनेस टेक्नोलॉजी के सेमीकंडक्टर प्लांट के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इसके साथ ही देश (साणंद) में दूसरे सेमीकंडक्टर यूनिट में उत्पादन शुरू हो गया है, जो भारत को वैश्विक चिप सप्लाई चेन में मजबूत स्थिति दिलाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस ओएसएटी (आउटसोर्स सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट) प्लांट की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन करीब 60 लाख यूनिट तक पहुंचने की है। प्लांट में बनने वाले इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल इलेक्ट्रिक व्हीकल और औद्योगिक उपयोग के लिए अहम होंगे। इन मॉड्यूल्स को अमेरिकी कंपनियों को निर्यात किया जाएगा, जहां से वे वैश्विक बाजार में इस्तेमाल होंगे।
उन्होंने बताया कि 2021 में शुरू किए गए सेमीकंडक्टर मिशन के तहत देशभर में 1.60 लाख करोड़ रुपए से अधिक के 10 प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। यह प्लांट उसी मिशन का अहम हिस्सा है। देश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, ईज ऑफ मैन्युफैक्चरिंग, ईज ऑफ लॉजिस्टिक्स पर भी निरंतर कार्यरत है।
पीएम मोदी ने बताया कि देश कच्चे माल की सप्लाई मजबूत करने के लिए भी काम कर रहा है, जिसमें क्रिटिकल मिनरल मिशन, 1500 करोड़ की रीसाइक्लिंग योजना और ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु व केरल को जोड़ने वाला ‘रेयर अर्थ कॉरिडोर’ शामिल है।
साणंद में लगातार दूसरे बड़े प्रोजेक्ट के साथ गुजरात देश का प्रमुख सेमीकंडक्टर हब बनता जा रहा है। इससे रोजगार, निवेश और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
Published on:
31 Mar 2026 10:15 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
