Jadish Thakor, Gujarat, congress, new PCC president
उदय पटेल
गुजरात विधानसभा चुनाव को एक महज एक वर्ष बाकी है, ऐसे में गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष जगदीश ठाकोर के लिए पार्टी को राज्य में मजबूती देना चुनौतीपूर्ण होगा। पार्टी राज्य में पिछले करीब ढाई दशक से ज्यादा समय से सत्ता से बाहर है।
पाटीदार आंदोलन और तहसील व जिला पंचायतों के चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के बाद 2017 के राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी ने भाजपा को कड़ी टक्कर देते हुए 77 सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि इसके बाद कांग्रेस से कई विधायकों ने इस्तीफा दिया और अधिकांश भाजपा में शामिल हो गए। 2018 में विधानसभा उपचुनाव, 2019 में लोकसभा चुनाव और इस वर्ष महा नगरपालिका, नगर पालिका सहित स्थानीय निकाय चुनाव में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। यह भी देखना होगा कि हार्दिक पटेल और जिग्नेश मेवाणी जैसे युवा नेताओं से पार्टी युवा मतदाताओं के बीच अपील करने की किस तरह की रणनीति बना रही है। ठाकोर ओबीसी समुदाय से संबद्भ रखते हैं ऐसे में पार्टी के बड़े ओबीसी के वोट बैंक पर नजर है।
पार्टी का संगठन भाजपा के मुकाबले मजबूत नहीं दिखता। जहां भाजपा ने पेज कमिटी का प्रयोग कर बूथ स्तर तक अपनी पैठ मजबूत की है वहीं दूसरी ओर यह देखना भी होगा कि कार्यकर्ताओं की निराशा व हताशा से जूझ रही कांग्रेस कैसे उनके उत्साह व जोश को बरकरार रखती है। नेतृत्व के संकट से जूझ रही प्रदेश कांग्रेस को करीब नौ महीने बाद अध्यक्ष मिला है। ऐसे में ठाकोर की नियुक्ति के बाद कांग्रेस पर निगाह रहेगी।