पतंगों के भाव में 20 फीसदी तक की वृद्धि, ग्राहकों पर नहीं है कोई असर
अहमदाबाद. कोरोना के कारण पिछले दो वर्षों तक ठंडे रहे बाजार में इस बार उत्तरायण को लेकर रंगत देखने के मिल रही है। भले ही भाव में 20 फीसदी तक की वृद्धि हुई है लेकिन ग्राहक दिल खोलकर खरीदी करते नजर आ रहे हैं। शहर के दिल्ली दरवाजा क्षेत्र में इन दिनों इसी तरह का नजारा देखने को मिल रहा है।
उत्तरायण पर्व की बात हो तो लोगों को मंहगाई नहीं खलती। लोग दिल खोलकर पतंग और मांझे की खरीदी करते नजर आ रहे हैं। पिछले वर्ष लोगों ने पतंग उड़ाई थी लेकिन कोरोना के कारण सामान्य की तरह जश्न नहीं मना पाए थे। लोग जिस तरह से खरीदी कर रहे हैं उससे ऐसा लग रहा है मानों कोरोना काल के दो वर्ष की कसर पूरा कर देंगे। बाजार में पंतग व डोरी खरीदने के लिए आए विजय मकवाणा ने बताया कि उन्हें उत्तरायण पर्व पर पतंग उड़ाना काफी अच्छा लगता है। पिछले दो वर्ष वे अच्छी तरह से पतंग नहीं उड़ा पाए थे जिससे इस बार पतंगबाजी में कोई कसर नहीं छोडऩा चाहते। मंहगाई की बात करें तो पिछले वर्ष जहां नौ तार की सफेद (बिना कलर) की पांच हजार वार डोरी का भाव तीन सौ से साढ़े तीन सौ रुपए तक था जो इस बार चार सौ से साढ़े चार सौ रुपए में मिल रही है। इसी तरह से अलग-अलग आकार की पतंग कों के भाव में भी 15 से 20 फीसदी तक का उछाल आया है।
शुरू हो गई उत्तरायण की खरीदारी
शहर के दिल्ली दरवाजा क्षेत्र स्थित गणेश सीजनेबल दुकान के व्यापारी राजू किसनसोनी ने बताया कि रविवार होने के कारण लोगों ने खरीदी शुरू कर दी है। पतंग-डोरी खरीदने के लिए दो वर्ष बाद बाजार में पहलीबार अच्छी ग्राहकी देखी जा रही है। अब 14 जनवरी तक इसी तरह की भीड़ रहने की संभावना है।
पीएम मोदी और कारटून वाली पतंगों की धूम
दिल्ली दरवाजा के बाहर अन्य व्यापारी चंद्रकांतभाई का कहना है कि उत्तरायण पर इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी के फोटो की धूम देखी जा रही है। यह पतंग लोगों को काफी रास आ रही है। बच्चों के लिए कारटून वाली फिल्म छोटा भीम, डोरेमोन व सुपरमैन चित्र वाली पतंग आकर्षण का केंद्र बन रही हैं। चील और चांद वाली फोटो भी पतंगों पर खूब नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी के फोटो वाली पतंगों को आज से नहीं बल्कि 20 वर्ष पहले से लोग पसंद कर रहे हैं, तब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे।