
Dipawali in gujrat
अहमदाबाद. अहमदाबाद सहित प्रदेशभर में बुधवार को प्रकाश पर्व दीपावली हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। वाट्सअप से लेकर फेसबुक, ट्वीटर आदि के माध्यम से लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। व्यवसायियों ने जहां शुभ मुहूर्त में चौपड़ा पूजन कर आतिशबाजी की, वहीं संध्या होते ही घर-घर में लक्ष्मी पूजन के बाद दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके बाद शुरू हुआ पटाखे चलाने और रॉकेट छोडऩे का सिलसिला, जो देर रात तक चला। दीपों के प्रज्ज्वलन और आतिशबाजी के चलते अमावस्या की अंधेरी रात जगमगा उठी।
दीपावली को लेकर सुबह से ही विशेष चहल-पहल देखी गई। दीपावली के शुभ अवसर पर लोगों ने कार्यालयों में चौपड़ा पूजन तथा लक्ष्मी पूजन किया। बाजारों में भी दीपावली को लेकर खासी चहल-पहल थी। घर-आंगन एक रात पहले से ही दीपावली मनाने के लिए सजाए जा चुके थे। कई लोगों ने लक्ष्मी के स्वागत में आंगन में आकर्षक रंगबिरंगी रंगोलियां बनाई थीं, तो घरों के द्वार पर वंदनवार सजाए थे।
उधर व्यापारियों ने शुभ मुहूर्त में चौपड़ा पूजन किया और मिठाइयों से एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। इसके बाद पटाखे चलाए गए। जगह-जगह सड़कों पर पटाखों की लरें चलाने के नजारे आम थे। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। शाम होते ही शुभ मुहूर्त में लोगों ने घरों में लक्ष्मी पूजन किया। धन की देवी लक्ष्मी की स्थापना कर विशेष पूजा-अर्चना की और दीपों से घर-आंगन को प्रकाशित किया।
इस दौरान शाम होते ही आतिशबाजी का सिलसिला तेज हो गया। बच्चों में दीपावली के पटाखों को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। नन्हें-मुन्ने हाथों में फुलझडिय़ां लिए दीपावली मनाने का आनंद उठा रहे थे, वहीं युवा वर्ग बम के धमाकों और रॉकेट छोडऩे में जुटा था। दूर-दूर से सुनाई देते बमों के धमाकों और आसमान को रंगीन करती रॉकेटबाजी के साथ दीपावली मनाई। दीपावली का पर्व देर रात तक मनाया गया और लोग नए वर्ष के इंतजार में जुट गए, जो गुरुवार को मनाया जाएगा।
Published on:
07 Nov 2018 12:21 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
