अहमदाबाद

युवाओं को मिले अवसर, नहीं चलेगी जातिवाद की राजनीति : वाला

गुजरात विधानसभा के आगामी चुनाव से पहले बोले भाजपा के वरिष्ठ नेता वजूभाई पद का महत्व नहीं, पार्टी का कार्यकर्ता ही महत्वपूर्ण  

3 min read
राजकोट में एक स्वास्थ्य केंद्र पर बूस्टर डोज लगवाते भाजपा के वरिष्ठ नेता व कर्नाटक के पूर्व राज्यपाल वजू वाला।

राजकोट. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व कर्नाटक के पूर्व राज्यपाल वजू वाला ने कहा कि विधानसभा के आगामी चुनावों में युवाओं को अवसर देना चाहिए। भाजपा का कार्यकर्ता किसी भी पद पर रहा हो लेकिन वह भाजपा का ही कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि गुजरात में जातिवाद की राजनीति कभी नहीं चली और विधानसभा के आगामी चुनावों में भी जातिवाद की राजनीति नहीं चलेगी।
वाला ने यहां सोमवार को कहा कि गुजरात में लंबे समय तक शासन करने वाली भाजपा ने लोगों की सेवा की है, लोगों से किए गए वादों का संपूर्णतया पालन किया गया है इस कारण अब भी भाजपा के प्रति लोगों को विश्वास दिखाई दे रहा है और उनका मानना है कि भविष्य में भी भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास बना रहेगा। उन्होंने दावा किया की इसी कारण विधानसभा के आगामी चुनावों में भाजपा को अभूतपूर्व बहुमत से जीत हासिल होगी।
गुजरात विधानसभा के आगामी चुनाव में प्रत्याशी बनने के बारे में उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात ही नहीं है, उनका मानना है कि देश में युवाओं और नई पीढ़ी के कार्यरत कार्यकर्ताओं को अवसर देना चाहिए। स्वयं को एक कार्यकर्ता बताते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मेंं जब भी महापौर, नागरिक बैंक के चेयरमैन, विधायक, मंत्री या राज्यपाल का उन्हें पद और जिम्मेदारी सौंपी गई थी और इन सभी पर उन्होंने पार्टी के आदेश के अनुरूप कार्य किया है।

पार्टी जो भी सूचना दे उस कार्य को नि:स्वार्थ भाव से करें

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि हम सभी पार्टी के कार्यकर्ता हैं, पार्टी जो भी सूचना दे उस कार्य को नि:स्वार्थ भाव से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें पार्टी को यह नहीं बताना चाहिए कि हमें कोई पद या जिम्मेदारी दी जाए। उन्होंने कहा कि इस मानसिकता को सभी कार्यकर्ताओं को दूर रहना चाहिए कि जिन्हें पद दिया गया है वे बड़े कार्यकर्ता हैं और जिन्हें पद नहीं दिया गया वे छोटे कार्यकर्ता हैं। किस व्यक्ति को कौनसा पद और जिम्मेदारी देने के बारे में पार्टी स्वयं विचार करेगी।

विचारधारा में एकता लेकिन विषमता दूर करना आवश्यक

उन्होंने कहा कि पार्टी में दो कार्यकर्ताओं में विचारधारा में एकता होती है लेकिन कार्यपद्धति में विषमता होती है, यह विषमता दूर करते हुए कार्यकर्ताओं को सच्ची समझ व जानकारी देकर पार्टी के सिद्धांत के अनुरूप सभी को काम करना चाहिए और सभी को एकजुट होकर, एक-साथ रहकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा काम राजकोट में भी शीघ्र ही होगा।

पार्टी के सिद्धांत सर्वाेपरि

उन्होंने कहा कि राजनीति में जातिवाद कभी-भी नहीं चल सकता और चलना भी नहीं चाहिए। पार्टी के सिद्धांत के अनुरूप जिस कार्यकर्ता को पद और जिम्मेदारी दी जाए, उसे पद व जिम्मेदारी वहन करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में निर्वाचित होने के बाद उनकी जाति के दो लाख लोगों में से 50 लोग भी संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में नहीं थे इसके बावजूद पार्टी की विचारधारा व कार्यपद्धति के कारण वे पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव जीते थे।

जातिवाद से परे रहेगी भाजपा

उन्होंने कहा कि जातिवाद में लोग अपेक्षा रखते हैं, कोई जाति ऐसी नहीं है जो अपेक्षा नहीं रखती। एक जाति के लोग कहेंगे कि इतने लोगों कोअवसर मिला इसलिए अब हमें अवसर मिलना चाहिए लेेकिन किसी को अवसर मिलना और नहीं मिलना, यह पार्टी को निर्णय करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि जातिवाद से भाजपा परे रही है और भविष्य में भी जातिवाद से परे रहेगी।

बूस्टर डोज का निर्णय सराहनीय

वाला ने स्वास्थ्य कर्मचारियों व 60 वर्ष से अधिक के को-मोर्बिड बीमारियों से पीडि़त बुजुर्गों के लिए सोमवार से शुरू किए गए बूस्टर डोज लगाने के अभियान की सराहना भी की। शहर के एक स्वास्थ्य केंद्र पर बूस्टर डोज लगवाने के बाद उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारियों व 60 वर्ष से अधिक के को-मोर्बिड बीमारियों से पीडि़त बुजुर्गों के लिए बूस्टर डोज लगाने का केंद्र सरकार का निर्णय सराहनीय है, ऐसे सभी लोगों को बूस्टर डोज अवश्य लगवाना चाहिए।

कोरोना गाइड लाइन का पालन आवश्यक

उन्होंने कहा कि सभी लोगों को मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाए रखना, सेनेटाइजर से हाथ साफ करने सहित कोरोना गाइडलाइन का सभी लोगों को सख्ती से पालन करना चाहिए और इसकी अवहेलना करने वालों पर प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

Published on:
10 Jan 2022 11:32 pm
Also Read
View All

अगली खबर