
Ahmedabad News तत्काल पासपोर्ट उसी दिन, आम आवेदन करने पर ७.५ दिन में : अहमदाबाद आरपीओ
अहमदाबाद. क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) अहमदाबाद की ओर से बीते वर्ष २०१९ में तत्काल पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों को उसी दिन पासपोर्ट जारी कर दिए गए, जबकि आम आवेदकों को औसतन ७.५ दिन में पासपोर्ट जारी कर दिया गया। वर्ष २०१९ में अहमदाबाद आरपीओ की ओर से कुल छह लाख ९३ हजार ७६५ लोगों को पासपोर्ट जारी किए गए।
यह जानकारी अहमदाबाद की क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी सोनिया यादव ने दी। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद आरपीओ ए श्रेणी का पासपोर्ट कार्यालय है, जिसमें सालाना सात लाख लोग पासपोर्ट के लिए आवेदन करते हैं। 27 जिले इसके तहत आते हैं। लोगों को पासपोर्ट प्राप्त करने में अहमदाबाद वडोदरा या राजकोट के पासपोर्ट सेवा केन्द्र तक नहीं आना पड़े इसके लिए सभी सांसदों के कार्य क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र (पीओपीएसके) खोले गए हैं। २०१९ में छोटा उदेपुर और गोधरा में पीओपीएसके खोले गए। जिसके तहत सभी 22 संसदीय क्षेत्रों में पीओपीएसके खुल गए हैं।
सोनिया यादव ने बताया कि अहमदाबाद में दो, वडोदरा और अहमदाबाद में एक-एक पासपोर्ट सेवा केन्द्र (पीएसके) है। इन चारों ही केन्द्रों पर औसतन 25 सौ लोग हर दिन पासपोर्ट के लिए आवेदन करते हैं। यदि बात करें पोस्ट ऑफिसों में शुरू हुए केन्द्रों पर आवेदन की तो वहां पर औसतन 1120 पासपोर्ट के आवेदन आ रहे हैं। कुल मिलाकर वर्ष २०१९ में औसतन ३६२० आवेदन पासपोर्ट के लिए हर दिन आए।
वर्ष २०१९ में औसतन हर दिन २४०० लोगों के पासपोर्ट प्रिंट किए गए।
उन्होंने बताया कि पासपोर्ट के लिए जरूरी पुलिस वैरिफिकेशन (पीवी) प्रक्रिया को आसान बनाने के चलते पुलिस वैरिफिकेशन में लगने वाला औसतन 11 दिनों का समय अब घटकर 10 दिन ही रह गया है। इसके अलावा वर्ष २०१८ की तुलना में वर्ष 2019 में आरपीओ को मिली आवेदकों की प्रतिकूल पुलिस सत्यापन रिपोर्ट के मामलों में २८ फीसदी की कमी आई है।
पासपोर्ट के आवेदन की पेन्डेंसी को कम करने के लिए बीते वर्ष २०१९ में छह पासपोर्ट अदालतें आयोजित की गईं। जिसमें जनवरी-दिसंबर के दौरान चार हजार मामलों को निपटाया गया। आगामी लोग अदालत 20 जनवरी को आयोजित की जाएगी, जिसमें दो हजार आवेदकों को बुलाया गया है।
Published on:
12 Jan 2020 09:58 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
