
Gujarat election 2022: मध्य व उत्तर गुजरात की 93 सीटों पर मतदान कल, सीएम पटेल सहित 8 मंत्री मुकाबले में
गुजरात विधानसभा चुनाव के तहत दूसरे व अंतिम चरण का मतदान सोमवार को मध्य व उत्तर गुजरात की 93 सीटों पर होगा। 14 जिलों में फैले 2.54 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान सुबह 8 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. भारती ने बताया कि चुनाव आयोग ने मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान के लिए 1.13 लाख अधिकारियों और कर्मचारियों को लगाया गया है। परिणाम 8 दिसम्बर को घोषित होंगे।
दूसरे चरण में 61 राजनीतिक दलों के 833 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा और आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि कांग्रेस 90 सीटों पर और साझीदार दल एनसीपी दो सीटों पर मुकाबले में हैं। बहुजन समाज पार्टी ने 44 और भारतीय ट्राइबल पार्टी ने 12 उम्मीदवार खड़े किए हैं। 285 निर्दलीय प्रत्याशी भी इस चुनावी जंग में हैं।
93 सीटों पर मध्य गुजरात की 61 सीटें शामिल हैं जिसमें अहमदाबाद और वडोदरा के साथ-साथ आणंद, खेड़ा, पंचमहाल, महीसागर, दाहोद, छोटाउदेपुर जिले शामिल हैं। उत्तर गुजरात की 32 सीटों में गांधीनगर, पाटण, मेहसाणा, बनासकांठा व साबरकांठा व अरवल्ली जिले शामिल हैं।
पिछली बार दूसरे चरण की 93 सीटों में से भाजपा को जहां 51 सीटें प्राप्त हुई थीं वहीं कांग्रेस ने 39 सीटें हथियाई थीं। निर्दलीय के खाते में 3 सीटें गई थीं।
गुजरात में परंपरागत प्रतिद्वंद्वी-भाजपा व कांग्रेस के साथ-साथ आम आदमी पार्टी ने इस बार चुनावी जंग को त्रिकोणीय बना दिया है। प्रधानंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य में भाजपा लगातार सातवीं बार सत्ता पर काबिज होना चाहती है वहीं तीन दशक से सत्ता से बाहर कांग्रेस सत्ता में वापसी चाहती है उधर आम आदमी पार्टी भी पूरे दम-खम के साथ पहली बार मैदान में उतरी है।
ये हैं मुख्य चेहरे
अंतिम चरण में चुनाव मैदान के मुख्य चेहरों में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल (घाटलोडिया) के साथ-साथ 8 मंत्री शामिल हैं। इनमें ऋषिकेश पटेल (विसनगर), अर्जुन सिंह चौहाण (मेहमदाबाद), जगदीश पंचाल (निकोल), मनीषा वकील (वडोदरा शहर), कुबेर डिंडोर (संतरामपुर), कीर्तिसिंह वाघेला (कांकरेज) व गजेन्द्र सिंह परमार (प्रांतिज) शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस से भाजपा में आए युवा पाटीदार नेता हार्दिक पटेल (वीरमगाम) और ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर (गांधीनगर दक्षिण) भी मुकाबले में हैं।
कांग्रेस से नेता प्रतिपक्ष राठवा व मेवाणी
कांग्रेस की ओर से दलित नेता जिग्नेश मेवाणी (वडगाम) के साथ-साथ नेता प्रतिपक्ष सुखराम राठवा (जेतपुर), गेनीबेन ठाकोर (वाव), गुलाबङ्क्षसह राजपूत (थराद), ग्यासुद्दीन शेख (दरियापुर), इमरान खेड़ावाला, तुषार चौधरी, डॉ सी जे चावड़ा (वीजापुर), महेन्द्र सिंह वाघेला व डॉ किरीट पटेल शामिल हैं। इसके अलावा भाजपा के सांसद रह चुके प्रभात सिंह चौहाण भी कांग्रेस के टिकट पर मुकाबले में हैं।
ये हॉट सीटें
1) घाटलोडिया
2) वीरमगाम
3) जमालपुर-खाडिया
4) बापूनगर
5) नरोडा
6) गांधीनगर दक्षिण
7) वडगाम
8) खेडब्रह्मा
9) छोटा उदेपुर
10) वाघोडिया
आंकड़ों में दूसरा चरण
सीटें: 93 सीट
सामान्य: 74
अनुसूचित जाति: 06
अनुसूचित जनजाति: 13
जिले: 14
कुल प्रत्याशी: 788
पुुरुष प्रत्याशी: 764
महिला प्रत्याशी: 69
कुल मतदाता: 2.51 करोड़ से ज्यादा
पुरुष मतदाता: 1.29 करोड़ से ज्यादा
महिला मतदाता: 1,22 करोड़ से ज्यादा
ट्रांसजेडर मतदाता: 894
18-19 वर्ष की आयु के मतदाता: 5,96,328
99 वर्ष से ज्यादा मतदाता: 5412
सर्विस मतदाता: 18,271
पुरुष: 17,607
महिला: 664
बैलेट यूनिट: 37,432
कंट्रोल यूनिट: 36,157
वीवीपैट: 40,066
मतदान केन्द्र: 26,409
मतदान अधिकारी-कर्मचारी: 1,13,325
पीठासीन अधिकारी: 29,062
पोलिंग स्टाफ:84,263
सबसे कम प्रत्याशी: 3 (ईडर)
सबसे ज्यादा प्रत्याशी: 39 (बापूनगर)
सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र: बापूनगर (मतदाता- 2,07,461)
सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र: घाटलोडिया (मतदाता- 4,28,461)
सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र: दरियापुर (6 वर्ग किमी)
सबसे बड़़ा विधानसभा क्षेत्र: राधनपुर (2,544 वर्ग किमी
Published on:
04 Dec 2022 09:42 pm

बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
