
President Election: तमिलनाडु ने दिए देश में सबसे ज्यादा राष्ट्रपति
Tamilnadu has highest number of President in India
उदय पटेल
अहमदाबाद. देश के 15वें राष्ट्रपति के लिए चुनाव अगले महीने होने हैं। एनडीए की ओर से जहां द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है वहीं, विपक्षों दलों ने यशवंत सिन्हा को इस पद के लिए चुना है। मुर्मू यदि इस पद के लिए चुनी जाती हैं तो वे देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी।
अब तक देश के राष्ट्रपति पर गौर करें तो पता चलेगा कि 14 राष्ट्रपति में से सर्वाधिक चार तमिलनाडु ने दिए। इनमें दूसरे राष्ट्रपति सर्व पल्ली राधाकृष्णन, आठवें राष्ट्रपति आर वेंकटरमन और 11वें राष्ट्रपति ए पी जे अब्दुल कलाम शामिल हैं। भारत के चौथे राष्ट्रपति वी वी गिरी भी दक्षिण के इसी राज्य से थे हालांकि उनका जन्म ओडिशा में हुआ था।
तमिलनाडु व उत्तर प्रदेश के साथ-साथ 8 अन्य राज्यों से भी राष्ट्रपति हुए। इनमें असम से फखरुद्द्दीन अली अहमद, आंध्र प्रदेश से नीलम संजीव रेड्डी, पश्चिम बंगाल से प्रणब मुखर्जी, मध्य प्रदेश से शंकर दयाल शर्मा, पंजाब से ज्ञानी जैल सिंह और केरल से के आर नारायणन राष्ट्रपति हुए। नारायणन पहले दलित राष्ट्रपति थे वहीं सिंह पहले सिख राष्ट्रपति थे। महाराष्ट्र से प्रतिभा पाटिल पहली महिला राष्ट्रपति रहीं।
उत्तर प्रदेश से दो को शीर्ष संवैधानिक पद
उत्तर प्रदेश से देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर दो को मौका मिला। वर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से हैं। देश के तीसरे राष्ट्रपति डॉ जाकिर हुसैन भी यूपी से थे हालांकि उनका जन्म हैदराबाद (वर्तमान तेलंगाना) में हुआ था। वे सबसे कम कार्यकाल के साथ-साथ देश के पहले मुस्लिम राष्ट्रपति थे।
सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहे डॉ राजेन्द्र प्रसाद
देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद बिहार से थे जो दो बार शीर्ष पद पर रहे। वे भारत के पहले राष्ट्रपति थे जिसे संविधान सभा ने निर्वाचित किया था। 1952 में पहले आम चुनाव के बाद वे 1957 में भी राष्ट्रपति निर्वाचित किए गए।
चार बार कार्यवाहक राष्ट्रपति
देश में चार बार ऐसा मौका आया जब कार्यवाहक राष्ट्रपति को शीर्ष पद का प्रभार संभालना पड़ा। डॉ जाकिर हुसैन के निधन के बाद तत्कालीन उपराष्ट्रपति वी वी गिरी को कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाया गया। उन्होंने 3 मई से 20 जुलाई 1969 तक इस पद को संभाला। जब गिरी ने राष्ट्रपति का चुनाव लडऩे के लिए कार्यवाहक राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया तब सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एम. हिदायतुल्लाह ने 20 जुलाई से 24 अगस्त 1969 तक कार्यवाहक राष्ट्रपति का पद संभाला। फखरुद्दीन अली अहमद के निधन के बाद तत्कालीन उपराष्ट्रपति बी डी जत्ती 11 फरवरी से 25 जुलाई 1977 तक देश के कार्यवाहक राष्ट्रपति रहे। 6 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 1982 के दौरान जब ज्ञानी जैल सिंह अमरीका में उपचार के लिए गए थे तब तत्कालीन उपराष्ट्रपति हिदायतुल्लाह उक्त समय के लिए कार्यवाहक राष्ट्रपति रहे।
क्रम नाम राज्य कार्यकाल
1. डॉ राजेन्द्र प्रसाद बिहार 1950 से 1962
2. सर्व पल्ली राधाकृष्णन तमिलनाडु 1962 से 1967
3. डॉ जाकिर हुसैन यूपी 1967-1969
4. वी वी गिरी तमिलनाडु 1969-1974
5. फखरुद्द्दीन अली अहमद असम 74-77
6. नीलम संजीव रेड्डी आंध्र प्रदेश 77-82
7. ज्ञानी जैल सिंह पंजाब 82-87
8. आर वेंकटरमन तमिनलाडु 87-92
9. ड़ॉ शंकर दयाल शर्मा, मध्य प्रदेश 92-97
10. के आर नारायणन केरल 97-2002
11. ए पी जे अब्दुल कलाम तमिलनाडु 2002-2007
12. प्रतिभा पाटिल महाराष्ट्र 2007-2012
13. प्रणब मुखर्जी पश्चिम बंगाल 2012-2017
14. राम नाथ कोविंद यूपी 2017 से अभी तक
Updated on:
28 Jun 2022 04:15 pm
Published on:
27 Jun 2022 10:51 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
