मुख्यमंत्री ने की एक करोड़ रुपए के विशेष अनुदान की घोषणा 10 हजार सदस्य, 28 हजार पुस्तकें
वडोदरा. शहर के गोत्री क्षेत्र में वडोदरा महानगर पालिका के भवन में संचालित जिला पुस्तकालय को आधुनिक व स्मार्ट बनाने के लिए मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने 1 करोड़ रुपए के विशेष अनुदान की घोषणा की है।
मौजूदा राज्य ग्रंथपाल जे.के. चौधरी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इससे शहर को अब एक स्मार्ट पुस्तकालय की सौगात मिलेगी। पुस्तकालय में वर्तमान मेंं 10 हजार सदस्य और विविध विषयों से संबंधित 28 हजार से अधिक पुस्तकें हैं। चौधरी ने कहा कि वर्तमान में यह एक पारंपरिक पुस्तकालय है। अनुदान की सहायता से आधुनिक और स्मार्ट पुस्तकालय का निर्माण संभव होगा जो सदस्यों को आधुनिक व स्मार्ट सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि अनुदान की राशि से जिला पुस्तकालय को सीसीटीवी, वाईफाई नेटवर्क, ऑडियो विजुअल सिस्टम जैसी उन्नत सुविधाओं से लैस किया जा सकेगा। अनुदान की सहायता से रिफ्रेशमेंट जोन, आरओ प्लांट, आधुनिक फर्नीचर, नई पुस्तकें और पठन सामग्री, संदर्भ पुस्तकें पुस्तकालय में जोड़ी जा सकेंगी।
2 करोड़ के खर्च से अत्याधुनिक अध्ययन कक्ष तैयार
मांडवी के समीप मॉडल केंद्रीय पुस्तकालय में 2 करोड़ रुपए के खर्च से विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक अध्ययन कक्ष बनाया गया है और शीघ्र ही इसे शुरू किया जाएगा। वर्तमान में पुस्तकालय के संदर्भ खंड में सीमित वाचनालय की सुविधा है। नई सुविधा में लडक़े और लड़कियों के लिए अलग-अलग सेक्शन होंगे और यह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के साथ-साथ शैक्षणिक परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगा। लगभग 300 विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकेंगे। इस वाचनालय को सुबह 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे खुला रखने की योजना है।
वडोदरा के केंद्रीय पुस्तकालय में 3 लाख पुस्तकें, 37 हजार सदस्य
गौरतलब है कि वडोदरा के मध्यस्थ ग्रंथालय यानी केंद्रीय पुस्तकालय को राज्य स्तरीय ग्रंथालय का दर्जा प्राप्त है। पूर्व महाराजा सयाजीराव की ओर से राज्य की जनता को तत्कालीन समय में आधुनिक पुस्तकालय व्यवस्था की भेंट देने की दीर्घदृष्टि के लिए यह आदर्श ग्रंथालय काफी विख्यात है। इसमें करीब 3 लाख पुस्तकें हैं जिनमें कई दुर्लभ ग्रंथ शामिल हैं, इसके लगभग 37,000 सदस्य हैं।