
श्रीनगर। निकटवर्ती ग्राम लवेरा में गुर्जर समाज के पंच पटेलों व ग्रामीणों ने श्रीनगर से बारात लेकर पहुंचे दलित दूल्हे विजय बाकोलिया की बिंदौरी में शामिल होकर सामाजिक समरसता का अनूठा उदाहरण पेश किया। गुर्जर समाज के पंच पटेलों ने बारात का स्वागत किया और स्वयं बारात में शामिल होकर दुल्हन के घर तक पहुंचे।
ग्रामीणों ने उन सभी आशंकाओं को निर्मूल साबित किया जिसमें कहा जा रहा था कि दलित दूल्हे के घोड़ी पर बैठने से गांव में विवाद खड़ा हो सकता है। दुल्हन के परिजनों की ओर से पुलिस सुरक्षा की मांग पर 12 थानों की पुलिस के 200 जवान गांव के हर गली-मोहल्ले में तैनात थे। इससे लवेरा गांव छावनी नजर आ रहा था।
गुर्जर बाहुल्य गांव लवेरा के ग्रामीणों ने दुल्हन अरुणा को गांव की बेटी मानकर उसे विदाई दी। पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में मंगलवार दोपहर दो बजे बाद दूल्हे ने घोड़ी पर बैठकर ग्राम पंचायत से रवानगी ली। बारात तीन बजे करीब दुल्हन के घर पहुंची। यहां वधू पक्ष की महिलाओं ने दूल्हे की अगवानी की ।
साढे तीन बजे बाद सामेला की रस्म भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। लवेरा के ग्रामीणों तथा बारात में आए सभी बारातियों ने भी गांव की परंपरा का पालन किया । परंपरा के अनुसार यहां के चारभुजा व देवनारायण मंदिर हथाई के पास से किसी भी समाज का दूल्हा घोड़ी पर बैठकर नहीं गुजरता है।
गांव की बरसों से चल रही इस परंपरा का मंगलवार को भी पालन किया गया। विवाह समारोह को लेकर ग्रामीणों की भागीदारी दुल्हन के घर पर भी पूरे तरीके से नजर आई । ग्रामीणों के सहयोग और जिला पुलिस व उपखंड प्रशासन की सूझबूझ से विवाह समारोह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा ने कहा कि लवेरा गांव में दलित युवक की शादी को लेकर एहतियात के तौर पर पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। यहां गांव वालों के सहयोग से शांतिपूर्ण तरीके से शादी का समारोह संपन्न हुआ है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा, नसीराबाद उपखंड अधिकारी देवीलाल यादव , तहसीलदार ममता यादव पूरे समय शादी में मौजूद रहे। वहीं बिंदोली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा नसीराबाद पुलिस उपाधीक्षक जरनैल सिंह , श्रीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह, मांगलियावास सीओ हरीश चौधरी, पीसांगन सीओ प्रह्लाद सहाय, बादर सिंदरी थाना प्रभारी अमरचंद, नसीराबाद सिटी थाना प्रभारी हुकम गिरी, नसीराबाद सदर थाना प्रभारी अशोक विशु, नायब तहसीलदार श्रीनगर अजय पाल जाजोरा लवेरा सरपंच शंकरलाल जाट आदि मौजूद रहे। वहीं गुर्जर समाज के पंच पटेल नंदाराम पोसवाल, श्रवण गुर्जर, रामदेव गुर्जर, रामचंद्र गुर्जर व कल्याण गुर्जर सहित सरपंच शंकरलाल जाट, उप सरपंच कानाराम गुर्जर पूरे समय शादी में शरीक रहे।
विवाह समारोह में राजस्थान अंबेडकर महासंघ के अध्यक्ष नंदकिशोर निहाल, अंबेडकर सेवा संस्थान श्रीनगर के विधिक सलाहकार मनोज बैरवा, कोषाध्यक्ष पूरणमल हिनोनिया, मानव विकास अधिकार संस्थान अजमेर के सचिव रमेश चंद्र बंसल, विहिप के प्रखंड अध्यक्ष जसवंत गुर्जर, बजरंग दल संयोजक देवाराम चौधरी, कांग्रेस नेता शिवराज गुर्जर, गोपाल यादव, रेखा समाज के पृथ्वीराज देशवाल, रमेश बाकोलिया, महेंद्र परिहार, मनोज हिनौनिया ने सकारात्मक भागीदारी निभाई।
Updated on:
22 Jan 2025, 5:44 PM IST
Published on:
22 Jan 2025, 5:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.