
हादसा : एक को डूबते देख दूसरा बचाने कूदा,नाडी में डूबने से दोनों मौसेरे भाइयों की मौत
अजमेर/बिजयनगर. भीलवाड़ा हाइवे रोड पुलिस थाने के पास स्थित नाडी में डूबने से दो मौसेरे भाइयों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्रवासियों की मदद से चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव नाडी से निकाले। बाद में इन्हें राजकीय चिकित्सालय स्थित मोर्चरी में रखवाया गया।
एएसआई घनश्याम ने बताया कि बरल द्वितीय ग्राम पंचायत क्षेत्र के यश विहार कॉलोनी निवासी नितेश पुत्र बनवारी लाल दमामी (11) मौसेरे भाई हनी (7) पुत्र त्रषिराज के साथ हाइवे मार्ग स्थित नाडी के पास से कहीं जा रहा था। इसी दौरान पांव फिसलने से हनी असंतुलित होकर नाडी में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में नितेश शोर मचाते हुए नाडी में कूद गया।
दलदल में धंसने से नही निकले बाहर
नाडी में दलदल होने से दोनों भाई बाहर नहीं निकल सके और पानी में डूब गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर लोग नाडी के पास पहुंचे। वहां पड़ी चप्पलों को देख शंका हुई। कुछ लोगों की ओर से बच्चों के पानी में डूबने की तस्दीक होने पर क्षेत्रवासी मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पुलिस एएसआई घनश्याम मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। पानी से लबालब नाडी में डूबे बच्चों की तलाश में लोग घंटों मशक्कत करते रहे। सफलता नहीं मिलने पर बिजयनगर थाने के पुलिसकर्मी राहुल मीणा व गजेन्द्र सिंह, ग्रामीण रमेश माली सहित अन्य की टीम बनाकर नाडी में कूदे।
मौसी के यहां आया था हनी
काफी मशक्कत के बाद दलदल में फंसे दोनों बच्चों को ढूंढ निकाला। बच्चों के शवों को राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। इधर, हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग चिकित्सालय पहुंच गए। उल्लेखनीय है कि लाम्बा खुर्द जूनियां निवासी हनी दमामी दो दिन पूर्व ही पिता के साथ मौसी के यहां आया था। इसी दौरान वह शुक्रवार को हादसे का शिकार हो गया।
Published on:
07 Aug 2021 12:51 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
