16 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कृषि मंत्री किरोड़ी मीणा ने मारा छापा, ताला लगाकर भागे संचालक व मजदूर, नकली उर्वरक की 12 फैक्ट्रियां सीज

प्रदेश के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने गुरुवार को किशनगढ़ के उदयपुरकलां और टिकावड़ा गांव में नकली उर्वरक (डीएपी, यूरिया, जिंक सल्फेट, जिप्सम एवं पौटाश) बनाने वाली 12 फैक्टरियों पर छापे मारे।

2 min read
Google source verification
kirodi lal meena

कृषि मंत्री किरोड़ी मीणा: पत्रिका नेटवर्क

मदनगंज-किशनगढ़ (अजमेर)। प्रदेश के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने गुरुवार को किशनगढ़ के उदयपुरकलां और टिकावड़ा गांव में नकली उर्वरक (डीएपी, यूरिया, जिंक सल्फेट, जिप्सम एवं पौटाश) बनाने वाली 12 फैक्टरियों पर छापे मारे। कृषि मंत्री की इस छापामार कार्रवाई में देर शाम तक अवैध रूप से संचालित 12 फैक्टरियों को सीज किया गया।

इन अवैध फैक्टरियों में लाखों टन नकली उर्वरक और कच्चा माल मिला है। इनमें मिले ट्रेलर, टेम्पो, जेसीबी, ट्रक एवं करोड़ों रुपए की मशीनों को भी सीज कर दिया गया है। ऐसी करीब 34 फैक्ट्रियों को सूचीबद्ध किया गया है। कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग के जयपुर और अजमेर के आलाधिकारी व पुलिस जाप्ता साथ रहा। कार्रवाई में इन अवैध फैक्टरियों में तैयार नकली उर्वरकों की राजस्थान समेत हरियाणा, पंजाब, बिहार समेत उत्तरी भारत में सप्लाई करना उजागर हुआ है।

कृषि मंत्री मीणा सुबह रलावता गांव में कृषि से संबंधित कार्यक्रम में शामिल होने आए। वे कार्यक्रम के बाद सीधे उदयपुरकलां गांव पहुंचे। यहां उन्हें अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में नकली उर्वरक और कच्चा माल मिला। यहां फैक्ट्री संचालक से उन्होंने उर्वरकों के बारे में पूछताछ की और लाइसेंस मांगा। संचालक ने उन्हें उर्वरकों के नकली नहीं होने की जानकारी दी और भ्रमित करने का प्रयास किया। कृषि मंत्री मीणा ने उर्वरक तैयार किए जाने की विधि, प्लास्टिक के कट्टों पर प्रिंट जानकारी एवं लाइसेंस के बारे में पूछताछ की।

कुछ देर बाद संचालक कृषि मंत्री के पैरों में गिर पड़ा और हाथ जोड़ कर माफी मांगने लगा। वहां मौजूद पुलिस जाप्ते ने संचालक व मजदूरों को प्रारंभिक पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। कृषि विभाग के अधिकारियों की टीमें और पुलिस इन फैक्ट्ररियों के मालिकों का पता लगाने में जुट गई हैं।

उदयपुरकलां व टिकावड़ा में 3-3 फैक्ट्रियां

कृषि मंत्री मीणा ने उदयपुरकलां और टिकावड़ा में 3-3 फैक्ट्रियों पर छापे मारे। इसी तरह चुरली में 4 और नलू गांव में 2 फैक्ट्रियां सीज की गई हैं। यहां लाखों टन नकली उर्वरकों से भरे कट्टे, उर्वरक व कच्चे माल के ढ़ेर मिले। कृषि मंत्री मीणा ने फैक्ट्रियों में वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराकर सीज की कार्रवाई करवाई।

ताला लगाकर भागे संचालक व मजदूर

कृषि मंत्री समेत कृषि विभाग के अधिकारी व पुलिस टीम उदयपुरकलां व टिकावड़ा पहुंची। यहां नकली उर्वरकों की अवैध फैक्ट्री पर कार्रवाई के बाद तीन फैक्ट्रियों पर ताले लगे मिले। यहां दो फैक्ट्रियों में कारीगर व मजदूर काम करते मिले। इन्हें प्रारंभिक पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में रखा गया है।

इनके मिले ढेर

सीज की गई फैक्ट्रियों में नकली उर्वरक तैयार करने में प्रयुक्त सामग्री में मिट्टी, मार्बल स्लरी, जली राख (बानी), उर्वरकों से भरे कट्टे, खाली कट्टे, केमिकल आदि के ढेर लगे मिले। साथ ही फैक्ट्रियों में खड़े ट्रेलर भी इन सभी सामग्री से भरे हुए मिले।