
CTET Exam- सैकड़ों अभ्यार्थियों ने बढ़ाए शिक्षक बनने के लिए कदम
अभ्यर्थियों ने रविवार को शिक्षक बनने की तरफ कदम बढ़ाए। सीबीएसई के तत्वावधान में हुई केंद्रीय अध्यापक पात्रता परीक्षा (सीटेट) में अभ्यर्थियों ने भाग्य अजमाया। सभी 15 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई।
स्कूल में शिक्षक बनने के लिए सीबीएसई के तत्वावधान में केंद्रीय अध्यापक पात्रता परीक्षा (सीटेट) कराई गई। अभ्यर्थियों ने सुबह 9.30 से 12 बजे तक द्वितीय पेपर दिया। इसी तरह दोपहर 2 से शाम 4.30 बजे तक प्रथम पेपर में बैठे। अजमेर में डीपीएस तबीजी, मेयो कॉलेज, ख्वाजा मॉडल स्कूल, सेंट मेरीज कॉन्वेंट, सेंट्रल एकेडमी, एमपीएस, केंद्रीय विद्यालय नंबर-1, डीएवी सेंटीनेरी, ऑल सेंट्स और अन्य केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। अजमेर में 7500 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। अभ्यर्थियों को केंद्रों में पुख्ता जांच के बाद प्रवेश दिया गया। उन्हें कोई सामान ले जाने की इजाजत नहीं दी गई। मालूम हो कि केंद्र सरकार ने सीबीएसई, केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय और अन्य स्कूल में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक और अन्य स्तर पर शिक्षकों की भर्ती के लिए केंद्रीय अध्यापक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करना जरूरी किया है।
इन विषयों के लिए परीक्षा
अंग्रेजी, हिंदी, मणिपुरी, पंजाबी, उर्दू, तमिल, खासी, नेपाली, मराठी, संस्कृत, असमी, कन्नड़, मिजो, मलयालम, ओडिया, तेलुगू, बंगाली और अन्य
दिसंबर में हुई थी परीक्षा
साल 2015-16 तक परीक्षा फरवरी और सितम्बर में कराई जाती रही थी। इसके तहत अंतिम बार 18 सितम्बर 2016 को यह परीक्षा कराई गई। सरकार और सीबीएसई डेढ़ साल तक परीक्षा नहीं करा सके। चौतरफा दबाव के बाद बोर्ड ने बीते साल 9 दिसंबर को सीटेट कराई थी।
Published on:
7 Jul 2019, 1:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.