
ज्वेलरी शॉप Image Source: AI
अजमेर। शहर के व्यस्त नया बाजार स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में ग्राहक बनकर आए दो महिला व एक पुरुष दुकानदार का ध्यान भटकाकर सोने की दो चेन चोरी कर ले गए। दुकानदार ने जब स्टॉक मिलान किया तब पता चला की दो चेन कम है। वारदात को चोरों ने दोपहर करीब दो बजे अंजाम दिया। खुलासा स्टॉक मिलान के दौरान हुआ। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चोरी का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर किया है। प्रारंभिक पड़ताल में मध्यप्रदेश के चोर गिरोह द्वारा वारदात अंजाम देना सामने आया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार रामनगर कृष्णा कॉलोनी निवासी विकास ललवाणी ने रिपोर्ट दी कि नया बाजार स्थित उसकी दुकान पर सोमवार दोपहर करीब 2 बजे दो महिलाएं और एक पुरुष ग्राहक बनकर पहुंचे और सोने की चेन दिखाने को कहा। दुकान पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें विभिन्न डिजाइन की चेन दिखाई। इसी दौरान तीनों ने कर्मचारियों का ध्यान भटका कर मौका पाकर काउंटर पर रखी सोने की दो चेन चोरी कर ली। कुछ देर बाद उन्होंने चेन पसंद नहीं आने की बात कहकर दुकान छोड़ दी।
ललवानी ने बताया कि ग्राहकों के जाने के बाद जब स्टॉक की जांच की गई तो सोने की दो चेन कम मिलीं। संदेह होने पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में दोनों महिला व उनके साथ आए पुरुष द्वारा चोरी की वारदात अंजाम देते हुए देखा गया। ललवानी के अनुसार चोरी हुई दोनों सोने की चेन का वजन करीब 27.060 ग्राम है, जिनकी बाजार कीमत साढ़े 4 लाख रुपए बताई गई है। वारदात का पता चलते ही उन्होंने आरोपियों की आसपास के बाजार, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड सहित अन्य स्थानों पर तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
अजमेर कोतवाली थाना पुलिस ललवानी की रिपोर्ट पर चोरी का मामला दर्जकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में वारदात को मध्यप्रदेश के गिरोह द्वारा अंजाम देना बताया जा रहा है। आरोपी कार में सवार होकर आए और वारदात के बाद तुरंत शहर छोड़ दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Updated on:
02 Jun 2026 02:51 pm
Published on:
02 Jun 2026 02:51 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
