अजमेर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य घोषित करने के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूटा। कांग्रेसियों ने शनिवार को गांधी भवन पर पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने इसे केंद्र सरकार का असंवैधानिक कदम करार दिया। रविवार को कांग्रेसी गांधी भवन पर सत्याग्रह करेंगे।
कांग्रेस नेता विजय जैन ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के लिए यह बहुत बड़ा धब्बा है। जिस तरह से लोकसभा सदस्यता रद्द की गई है, उससे स्पष्ट है कि केंद्र सरकार भयभीत है। डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और हिंसा का मुद्दा उठाया। इन पर ध्यान देने की जगह भाजपा सरकार उनके खिलाफ दमनकारी कदम उठा रही है। पीसीसी उपाध्यक्ष नसीम अख्तर ने कहा कि केंद्र सरकार असली मुद्दों से देश का ध्यान हटाने में व्यस्त है। सदस्य महेंद्र सिंह रलावता ने कहा कि लोकतंत्र में केंद्र सरकार ने अमर्यादित कृत्य किया है। हेमंत भाटी, शहर सेवादल अध्यक्ष देशराज सिंह, हरिसिंह गुर्जर, प्रद्युम्न सिंह, श्याम प्रजापति, दयानंद चतुर्वेदी, राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के राजकुमार चौरसिया, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी देवी कोली, कमल बाकोलिया, अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, डॉ. राजकुमार जयपाल. रामस्वरूप चौधरी, अंकुर त्यागी, शिव कुमार बंसल, महेश चौहान, शैलेंद्र अग्रवाल आदि ने भी फैसले की भर्त्सना की।
इसी तरह हरिप्रसाद जाटव, विपिन बैसिल, नौरत गुर्जर, रश्मि हिंगोरानी, कमल गंगवाल, शिवराज भडाणा, मानवाधिकार परिषद के प्रदेश अध्यक्ष शैलेश गुप्ता, निर्मल बेरवाल, मनीष सेन आदि ने भी निंदा की।