
बच्चों की ये हरकत पड़ी टीचर्स को महंगी, जिला कलक्टर ने लिया ये बड़ा एक्शन
पुष्कर. पुष्कर में स्वीप कार्यक्रम के तहत निकाली गई प्रभात फेरी में स्कूली बच्चों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में नारे लगाए जाने के मामले में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य एवं प्रभात फेरी आयोजन के सहायक प्रभारी किशन सिंह रावत को जिला निर्वाचन अधिकारी विश्वमोहन शर्मा ने निलंबित कर दिया। रावत का मुख्यालय एडीएम सिटी कार्यालय अजमेर किया गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को प्रचार्य को नोटिस जारी किया गया था। लेकिन निर्वाचन विभाग ने प्राचार्य के जवाब को संतोषजनक नहीं माना। इसके बाद निलम्बन की कार्रवाई की गई है। उपखंड अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में रावत को सौंपे गए चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य का सही निर्वहन नहीं करने एवं लापरवाही बरतने के कारण अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की थी।
शिक्षकों ने दिया जवाब
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पुष्कर देविका तोमर ने इस मामले में प्रभात फेरी के साथ साथ चल रहे अध्यापक पुरुषोत्तम, नरेंद्र हाड़ा, अध्यापिका नवोदिता शर्मा, सुधा यादव, कल्याणी देवी, अंकिता पाराशर, पूर्णिमा और मीना सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अध्यापकों ने इसका जवाब भी दे दिया है। मामले की जांच अभी जारी है।
कांग्रेसियों ने की थी शिकायत
गौरतलब है कि प्रभातफरी में ‘चुनाव आयोग का कहना है वोट मोदी को देना है’ के नारे लगाए गए थे। नारे लगाए जाने शिकायत लेकर पुष्कर कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष मंजू कुडिय़ा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने सहायक निर्वाचन अधिकारी देविका तोमर के समक्ष आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए आपत्ति दर्ज कराई थी। इसी दौरान स्कूली बच्चों के नारेबाजी का वीडियो वायरल हो गया। इसकी जानकारी मिलने के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने सहायक निर्वाचन अधिकारी देविका तोमर को जांच के आदेश दिए थे।
Published on:
3 Apr 2019, 4:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.