
अजमेर. शहरवासी जल्द ही आनासागर में डबल-डेकर क्रूज की सैर का लुत्फ उठा सकेंगे। पानी की लहरों पर तैरते क्रूज पर फेमिली पार्टी-फंक्शन का भी विकल्प खुला होगा। बर्थ-डे पार्टी, मैरिज एनिवर्सरी के फंक्शन आयोजित किए जा सकेंगे। नगर निगम अजमेर ने 'बीओटी' (ब्रॉट-ऑपरेट-ट्रांसफर) आधार पर झील में क्रूज संचालन का ठेका दिया है। क्रूज बनकर तैयार है, जिसे इसी माह आनासागर में उतारा जाएगा। मार्च के अंतिम सप्ताह तक क्रूज का नागरिकों-पर्यटकों के लिए आनासागर में संचालन शुरू हो जाएगा। निगम को इससे 67 लाख की सालाना आय होगी।
'बीओटी' आधार पर होगा संचालन
नगर निगम अजमेर शहर को टूरिस्ट-हब बनाने की कोशिशों में जुटा हुआ है। निगम एक कम्पनी से बीओटी के जरिए डबल डेकर क्रूज को पानी में उतारने की तैयारी में है। क्रूज की क्षमता 150 लोगों की होगी। ठेका शर्ताें के अनुसार कम्पनी निगम को 67 लाख रुपए सालाना देगी। इसके बाद ठेका राशि में 10 प्रतिशत सालाना बढ़ोतरी होगी।
रेस्टोरेंट-डांस फ्लोर भी. . .
क्रूज पर डांस फ्लोर के साथ ही रेस्टोरेंट की सुविधा भी रहेगी। आनासागर में गंदगी प्रवाहित होने से रोकने के लिए सोलर एनर्जी एवं इलेक्ट्रिक सिस्टम से संचालित क्रूज पर बाॅयो टॉयलेट की व्यवस्था रहेगी। फाइबर बॉडी से तैयार क्रूज पूरी तरह वातानुकूलित रखा गया है।
निगम तय करेगा रूट
क्रूज को पानी में उतारने के बाद कम्पनी को नगर निगम रोड मैप देगा। क्रूज का झील में तय रूट पर ही संचालन किया जाएगा। शुल्क तय करने का अधिकार कम्पनी को होगा। हालांकि उसे निगम से शुल्क का अनुमोदन कराना होगा।
डबल डेकर क्रूज बनकर तैयार हो गया है। इसी महीने में इसे आनासागर झील में उतारा जाएगा। मार्च के अंतिम दिनों में इसका संचालन शुरू हो जाएगा।
-रविंद्र कुमार सैनी, प्रभारी गैराज, नगर निगम अजमेर।
आंकड़ों में क्रूज
-6 करोड की लागत
-25 टन वजनी
-25 फीट ऊंचाई
-30 फीट चौड़ाई-70 फीट लम्बाई
-2.5 फीट पानी में रहेगा
Published on:
14 Feb 2023 10:51 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
