अजमेर. परबतपुरा स्थित चरनाल पेट्रोल पम्प के सामने सोमवार को बाइक सवार ट्रेलर से आगे निकलने की कोशिश में हादसे का शिकार हो गया। बाइक सवार पहले राहगीर से टकराया और फिर संतुलन खोकर बराबर में चल रहे ट्रेलर के नीचे जा घुसा। ट्रेलर का टायर ऊपर से निकलने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात पेट्रोल पम्प के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आदर्शनगर थाना पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी।
राहगीर से टकराया, ट्रेलर के नीचे घुसा
पुलिस के अनुसार ककलाना निवासी बशीर पुत्र नूर मोहम्मद सोमवार सुबह परबतपुरा बाइपास से बाइक पर सर्विस लेन से सेंदरिया की तरफ जा रहा था। चरनाल पेट्रोल पम्प के पास आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक की कोशिश में बशीर फुटपाथ पर खड़े युवक से टकरा गया। जिससे असंतुलित होकर बशीर बाइक समेत चलते ट्रेलर की ट्रोली के नीचे जा घुसा। इतने में ट्रेलर का टायर बशीर के ऊपर से गुजर गया। लोगों ने उसे हाइवे एम्बुलेंस से जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की आपातकालीन इकाई पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर आदर्शनगर थाना पुलिस पहुंची।
कैमरे में कैद हुआ हादसा
चरनाल पेट्रोल पम्प के सामने हुआ लोमहर्षक हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना की पड़ताल में जुटी है। गौरतलब है कि चरनाल पेट्रोल पम्प के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बना कट गत दिनों एनएचएआई ने बंद कर दिया था। कट से यहां आए दिन हादसे पेश आ रहे थे।
…बिखर गया हेलमेट
ट्रेलर की चपेट में आए बशीर का हेलमेट टायर चढ़ते ही बिखर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्लास्टिक के हेलमेट के कुछ टूकड़े बशीर के सिर में धंस गए।