बाल अपचारियों ने शादी समारोह स्थल से उड़ाया बैग। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर।
पुष्कर रोड स्थित समारोह स्थल में चोर 9 लाख रुपए कीमत की ज्वैलरी और डेढ़ लाख रुपए की नकदी से भरा बैग लेकर चम्पत हो गए। शादी समारोह में हुई यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वारदात चार बाल अपचारी ने अंजाम दी है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में 4 संदिग्ध भी नजर आए हैं। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने पीडि़त मेडिकल स्टोर संचालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
नला बाजार मूंदड़ी मोहल्ला निवासी शोभराज साधनानी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके पुत्र प्रमोद की शादी का समारोह पुष्कर रोड स्थित सिटी प्राइड समारोह स्थल में था। समारोह में 4 संदिग्ध किशोरों ने स्टेज के पास रखी टेबल से बैग उठाया। चारों समारोह स्थल में स्टेज के पास के दरवाजा फांद कर फरार हो गए। साधनानी ने बताया कि बैग में सोने के तीन कंगन, चार चूडिय़ां, पांच अंगूठियां, सोने का हार, मंगलसूत्र सहित करीब डेढ़ लाख रुपए थे।
पुलिस ने ली सीसीटीवी फुटेज
सूचना मिलने पर पहुंची क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें चार किशोर नजर आए हैं। साधनानी परिवार ने इन्हें संदिग्ध मानते हुए चिह्नित किया है। पुलिस चारों किशोर के हुलिए के आधार पर तलाश में जुटी है।