23 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में देवली से नसीराबाद तक बनेगी फोरलेन सड़क, 1258 करोड़ होंगे खर्च; 1.45 घंटे में पूरा होगा सफर

Rajasthan Four Lane Road: राजस्थान में देवली-नसीराबाद वाया केकड़ी फोरलेन सड़क परियोजना अब जमीन पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 11 जुलाई को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पहले चरण का शिलान्यास करेंगे।

2 min read
Google source verification
deoli-Nasirabad four lane road

देवली-नसीराबाद फोरलेन सड़क। Photo: AI

Deoli-Nasirabad Four Lane Road: अजमेर। राजस्थान में देवली-नसीराबाद वाया केकड़ी फोरलेन सड़क परियोजना अब जमीन पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 11 जुलाई को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पहले चरण का शिलान्यास करेंगे। बता दें कि देवली से नसीराबाद तक केकड़ी होते ही फोरलेन सड़क बनेगी। जिस पर कुल 1258 करोड़ रुपए खर्च होंगे। फोरलने सड़क बनने से सफर आसान होगा और समय की बचत होगी। साथ ही सड़क हादसों में भी कमी आने की संभावना है।

विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताया कि सीएम भजनलाल शर्मा 11 जुलाई को केकड़ी दौरे पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। क्योंकि सीएम देवली-नसीराबाद वाया केकड़ी फोरलेन सड़क के पहले चरण का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना के पूरा होने से यातायात सुगम होगा। व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। इससके अलावा केकड़ी का संपर्क राजस्थान के प्रमुख शहरों से और अधिक मजबूत होगा।

1258 करोड़ रुपए की लागत से बनेगी सड़क

देवली-नसीराबाद वाया केकड़ी फोरलेन सड़क प्रोजेक्ट पर कुल 1258 करोड़ रुपए खर्च होंगे। तीन चरणों में सड़क का काम पूरा होगा। पहले चरण में केकड़ी से देवली तक 53 किमी सड़क बनेगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पहले चरण के लिए सरकार ने 445 करोड़ रुपए का टेंडर किया है और गोदारा कन्ट्रक्शन कंपनी को काम सौंपा गया है। सरकार ने पहले चरण का काम दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। दो वर्ष में सड़क मार्ग को तैयार किया जाएगा। दूसरे चरण में केकड़ी से नसीराबाद तक 47 किमी सड़क बनेगी। तीसरे चरण में केकड़ी शहर के लिए फोरलेन बाईपास का निर्माण किया जाएगा।

45 मिनट कम समय लगेगा

फोरलेन सड़क बनने से वाहन चालकों का सफर आसाना होगा। अभी देवली से नसीराबाद तक पहुंचने में 2 घंटे 30 मिनट का समय लगता है। लेकिन फोरलेन सड़क बनने के बाद यह दूरी सिर्फ 1 घंटे 45 मिनट में पूरी हो सकेगी। यानी देवली से नसीराबाद पहुंचने में 45 मिनट कम समय लगेगा। फोरलेन बनने से यह सड़क मार्ग अजमेर, नसीराबाद, केकड़ी, सरवाड़ और देवली को आपस में जोड़ेगा और लाखों लोगों को इससे फायदा होगा। साथ ही कोटा, बूंदी, झालावाड़ और मध्य प्रदेश आने-जाने वालों की भी राह आसान होगी।